निकाय चुनाव में भगवा लहराने पर बोले CM योगी, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मिली अब तक की सबसे बड़ी जीत

सबसे बड़ी जीत
मीडिया को जानकारी देते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को उत्‍तर प्रदेश में नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं की मेहनत, सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय और प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में भाजपा ने नगर निकाय के चुनावों में अब तक की सबसे बड़ी विजय प्राप्त की है।

भाजपा राज्य मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय और प्रधानमंत्री के सुयोग्‍य व यशस्वी नेतृत्व और उनके मार्गदर्शन में यूपी नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की है।

योगी ने कहा कि 17 नगर निगमों में पहली बार भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ विजय प्राप्त करने में सफल रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 नगर निगमों में तीन नगर निगम अयोध्‍या, मथुरा-वृंदावन और शाहजहांपुर नये गठित हुए थे। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन और अयोध्या में 2017 में भी चुनाव संपन्न हुए थे, लेकिन शाहजहांपुर में पहली बार चुनाव हुआ है। उन्होंने कहा कि 17 के 17 नगर निगमों में मतदाताओं ने भाजपा के प्रति विश्वास जताया है, आज यह जनादेश सबके सामने है।

यह भी पढ़ें- UP निकाय चुनाव में बीजेपी को बड़ी सफलता, नगर निगमों में लखनऊ समेत जीते सभी 17 मेयर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अंदर 200 नगर पालिका परिषदों में 199 में चुनाव हुए हैं, और 2017 में भाजपा ने 60 नगर पालिकाओं में विजय प्राप्त की थी और इस वर्ष भाजपा ने नगर पालिका परिषदों में 2017 के मुकाबले दोगुना से अधिक सीटें भाजपा ने प्राप्त की हैं। उन्होंने कहा कि 545 नगर पंचायतों में भाजपा ने इस बार अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है और 2017 की अपेक्षा ढाई गुना सीटें भाजपा ने हासिल की हैं।

यह भी पढ़ें- निकाय चुनाव के दूसरे चरण में नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 77 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित