कर्नाटक में बहुमत को प्रियंका ने बताया देश जोड़ने वाली राजनीति की जीत, लखनऊ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्‍न

कांग्रेस के नेता कार्यकर्ता
कर्नाटक की जीत का लखनऊ में जश्‍न मनाते कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत के साथ प्रचंड जीत हासिल हुई है। इस जीत को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस को ऐतिहासिक विजय मिली है। इसके लिए कर्नाटक की जनता का आभार प्रकट करते हैं। साथ ही इस जीत को देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत बताया। वहीं कांग्रेस की इस जीत पर लखनऊ में भी कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्‍न मनाया।

प्रियंका गांधी ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ट्वीट कर खुशी का इजहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए कर्नाटका की जनता को तहे दिल से धन्यवाद। ये आपके मुद्दों की जीत है। ये कर्नाटका की प्रगति के विचार को प्राथमिकता देने की जीत है। ये देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है। कर्नाटका कांग्रेस के तमाम मेहनती कार्यकर्ताओं व नेताओं को मेरी शुभकामनाएं। आप सबकी मेहनत रंग लाई। कांग्रेस पार्टी पूरी लगन के साथ कर्नाटका की जनता को दी गई गारंटियों को लागू करने का काम करेगी। जय कर्नाटका, जय कांग्रेस।

वहीं राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलकार जीत का जश्‍न मनाया। इस दौरान खाबरी ने कहा कि कर्नाटक की जीत देश के आम नागरिकों के मुद्दों की जीत है और जो नफरत फैलाकर भारतीय जनता पार्टी नकारात्मक प्रचार कर रही थी उसके खिलाफ हमारे नेता राहुल गांधी की मोहब्बत की जीत है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस को बहुमत से भावुक DK शिवकुमार ने कहा, ये अखंड कर्नाटक की जीत तो भूपेश बघेल बोले, भाजपा मुक्‍त हुआ दक्षिण भारत

साथ ही कहा कि कर्नाटक में हमारे सभी नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी ने जो प्रचार प्रसार किया और उसमें जो कर्नाटक के लोगों का समर्थन जुट रहा था उससे परिणाम पहले ही स्पष्ट हो चुका था सिर्फ रिजल्ट आना बाकी था वह आज आ गया है।

जहां-जहां मुख्यमंत्री ने प्रचार किया वहां भाजपा हारी

इस दौरान सीएम योगी को निशाने पर लेते हुए बृजलाल खाबरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों की चिंता छोड़कर कर्नाटक में प्रचार करने गए थे जहां-जहां मुख्यमंत्री ने प्रचार किया वहां वहां भाजपा चुनाव हारी। इससे यह पता चलता है कि बीजेपी के प्रति अब लोगों की नाराजगी बढ़ रही। महंगाई, बेरोजगारी और बीजेपी के झूठे जुमले से लोग परेशान हैं इसीलिए जनता ने भाजपा को नकार दिया है।

कांग्रेस प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि इस अवसर प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के साथ प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नकुल दुबे, योगेश दीक्षित, कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, संगठन सचिन अनिल यादव, प्रदेश महासचिव सुबोध श्रीवास्तव, जयकरन वर्मा, शाहनवाज आलम, प्रिंट मीडिया संयोजक अशोक सिंह, प्रदेश मीडिया संयोजक अंशू अवस्थी, प्रदेश प्रवक्ता कृष्णकांत पाण्डेय, पंकज तिवारी, संजय सिंह, विकास श्रीवास्तव, सचिन रावत व विशाल लोधी समेत भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बोले जयराम रमेश कर्नाटक में होगी कांग्रेस की जीत, हमने स्थानीय मुद्दे पर लड़ा चुनाव