यूपी में ‘पेपर लीक वाली सरकार’ के परीक्षा तंत्र में भ्रष्टाचार चरम पर: प्रियंका गांधी

प्रियंंका गांधी
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित बोर्ड की 12 वीं कक्षा की अंग्रेजी भाषा की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने को लेकर बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि ‘पेपर लीक वाली भाजपा सरकार’ के परीक्षा तंत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर कहा की, ‘यूपी बोर्ड 12 वीं का आज होने वाला अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया और परीक्षा रद्द करनी पड़ी। 15 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक वाली भाजपा सरकार के परीक्षा तंत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है। यूपी के युवा नहीं चाहते कि उनका प्रदेश पेपर लीक जैसी चीजों के लिए जाना जाए।’

वहीं अपने दूसरे ट्वीट में प्रियंका गांधी ने सरकार को सलाह देते हुए कहा कि राज्य सरकार को इस बारे में गंभीर और ठोस कदम उठाने चाहिए।

यह भी पढ़ें- लीक हुआ यूपी बोर्ड इंटर अंग्रेजी का पेपर, 24 जिलों में परीक्षा स्थगित

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित बोर्ड की 12 वीं कक्षा की अंग्रेजी भाषा की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के बाद बुधवार को 24 जिलों में यह परीक्षा रद्द कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अब यह परीक्षा 13 अप्रैल को प्रथम पाली में सुबह आठ बजे से पूर्वान्ह ग्यारह बजे तक आयोजित की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पेपर लीक मामले में एक्शन में CM योगी, दोषियों पर NSA के तहत कार्रवाई के निर्देश, बलिया के DIOS सस्पेंड