फूलचंद पासी के परिजनों से मिल प्रियंका गांधी ने जताई संवेदना, कहा, यूपी में खुलकर उड़ाई जा रहीं कानून-व्यवस्था की धज्जियां

फूलचंद पासी

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को फाफामऊ हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचीं। जहां फूलचंद पासी के परिजनों से मिलकर कांग्रेस महासचिव ने उनका दर्द साझा करने के साथ ही परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान प्रियंका ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपी में लॉ एंड ऑर्डर भगवान भरोसे चल रहा है। आए दिन यूपी में दलितों के ऊपर अत्याचार हो रहे हैं। एक तरफ हम संविधान दिवस मना रहे हैं और दूसरी तरफ ऐसी घटना शर्मनाक है।

दरअसल कल फूलचंद पासी समेत परिवार के चार लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई थी। पीड़ित परिवार ने प्रियंका गांधी को बताया कि पड़ोस के सामंती गुंडों ने नृशंस तरीके से हत्या कर दी थी। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि दो एफआइआर कराने के बाद भी पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपितों के हौसले बुलंद होते गये। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने गुण्डों को संरक्षण दिया और खुलकर गुण्डों का साथ दिया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस युवाओं को बनाएगी यूपी की आवाज, अभियान की शुरूआत कर बोले नसीमुद्दीन नसीमुद्दीन, संविधान को कमजोर कर रही BJP

वहीं प्रियंका ने कहा कि आज संविधान दिवस है। न्याय संविधान का सबसे महत्वपूर्ण मूल्य है। मैं न्याय की लड़ाई के साथ हूं। इस सरकार में गरीबों, दलितों, वंचितों की कोई सुनवाई नहीं है, भाजपा सरकार में लगातार कानून-व्यवस्था की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं। उत्तर प्रदेश में पुलिस बेलगाम है। योगी सरकार का इकबाल गायब है।

योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी पुलिस पीड़ित को न्याय देने के बजाय धन उगाही में ज्याद रूचि रखती है और कभी-कभी अन्याय करने वाले के साथ खड़ी दिखाई देती है। जिसके फलस्वरूप फुलवरिया गोहरी जैसी घटनांयें घटती हैं। इस सरकार में गरीबों, दलितों एवं वंचितों की कोई सुनवाई नहीं है। भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था का बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी ने जगाई महिला शक्ति, कहा, सुनो द्रौपदी शस्त्र उठा लो अब गोविंद न आएंगे

वहीं अमित शाह की बात करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कहना है कि यूपी में अपराध खोजने के लिए दूरबीन की जरूरत होती है, जबकि उन्हें दूरबीन नहीं चश्मा लगाने की जरूरत है।