प्रियंका गांधी ने जगाई महिला शक्ति, कहा, “सुनो द्रौपदी शस्त्र उठा लो अब गोविंद न आएंगे…”

सुनो द्रौपदी शस्त्र उठा
महिलाओं को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ/चित्रकूट। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने बुधवार को चित्रकूट के रामघाट पर महिला संवाद में पार्टी की नौ प्रतिज्ञाओं को दोहराया और महिला सुरक्षा के लिए कमीशन गठन करने की भी घोषणा की। साथ ही कांग्रेस की उपलब्धियां गिनाते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा। इसके अलावा उन्होंने महिलाओं से उनकी समस्याएं पूछीं।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि महिला उत्पीड़न का मामला नहीं दर्ज करने वाला पुलिस अधिकारी दस दिन में सस्पेंड होगा और छह सदस्यीय एक कमीशन का भी गठन कराया जाएगा। इस कमीशन में सभी सदस्य महिलाएं होंगी, जिसमें दो पूर्व जज, दो एनजीओ से जुड़ी समेत विभिन्न कार्यक्षेत्र से होंगी। उन्होंने एक कविता सुनाकर महिलाओं की शक्ति जगाने के साथ ही कहा, सुनो द्रौपदी शस्त्र उठा लो अब गोविंद न आएंगे, कब तक आस लगाओगी तुम बिके हुए लोगों से, कैसी रक्षा मांग रही हो दु:शासन के दरबारों से…।

इस दौरान प्रियंका ने भाजपा पर निशाना साधते हुए खाद की लाइन में किसानों की मौत और आत्महत्या की बात करते हुए प्रदेश की स्थिति बेहद खराब बताया। ऐसी पीड़ा से गुजरने वाले परिवार में सबसे ज्यादा महिलाओं को बोझ उठाना पड़ता है। सरकार में महंगाई का बोझ बढ़ा है, ढाई सौ रुपये में तेल बिक रहा है और एक हजार में सिलेंडर मिल रहा। इस सरकार ने महिलाओं को तोहफे में एक सिलेंडर देकर बाद में एक हजार में खरीदने को छोड़ दिया। ऐसी सरकार को महिला शक्ति पहचान चुकी है और उन्हें आगे नहीं आने देना चाहती है।

यह भी पढ़ें- लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारे के साथ UP की सियासत में प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान, विधानसभा चुनाव में महिलाओं को कांग्रेस देगी 40 प्रतिशत टिकट

आगे कहा कि, कोरोना काल में भी देखा होगा पलायन करने वाले परेशान लोगों के लिए बसें नहीं थी, लेकिन अब 19 तारीख को मोदी जा रहे हैं तो उनके लिए लोगों को लाने के लिए बसें आ रही हैं। मैंने यहां देखा कि पानी की बहुत समस्या है, एक नल पर दस परिवार निर्भर हैं। महिलाओं को आगे आने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ता है। महिलाएं आगे नहीं आएंगी तो आगे नहीं बढ़ेंगी, इसीलिए विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाओं को होना चाहिए।

प्रियंका ने कहा कि महिला बेहतर समझ रखती है, चाहे कहीं भी। काम करके घर पर आकर महिला पूरी जिम्मेदारी से काम करती है। इसलिए एक महिला ही एक महिला के लिए बेहतर नीतियां बना सकती है, जबतक महिलाओं की पूरी भागीदारी नहीं मिलेगी तबतक ऐसा नहीं होगा।

प्रियंका ने ये भी कहा कि आधी आबादी है तो अभी पार्टी ने 40 प्रतिशत की भागीदारी से शुरुआत की है। लोकसभा में आधी भागीदारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जबतक हम खुद बदलने की नहीं ठानेंगे तबतक बदलाव नहीं होगा।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी की नौ प्रतिज्ञाएं गिनाईं। कहा, किसानों का कर्जा माफ होगा, गेहूं और धान 2500 रुपये में खरीदा जाएगा और गन्ना किसान को चार सौ दिया जाएगा। प्रदेश में बिजली के बिल आधे किए जाएंगे, कोरोना काल में काम धंधा बंद होने वाले छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के बिलों को माफ किया जाएगा। कोरोना के समय आर्थिक मार उठा चुके गरीब परिवारों को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

इतना ही नहीं 20 लाख सरकारी रोजगार कार्ड बनवाएंगे, जिसमें 40 प्रतिशत महिलाओं को जाएंगे। कार्ड के जरिए कोई भी बीमारी होगी तो दस लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिलेगा। छात्राओं को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे ताकि उसे आनलाइन कोर्सेस के जरिए पढ़ाई और सुरक्षा में मददगार होगा। किसी समस्या पर घर में तत्काल सूचना दे सकेंगी।

इस दौरान रामघाट पर नावों पर बनाए गए मंच पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत अन्य नेता मौजूद रहें।