डाॅलर के मुकाबले रुपए के गिरने का सिलसिला जारी, आज फिर बना नया रिकार्ड

रुपया

आरयू वेब टीम। रुपया के गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रुपये ने बुधवार को गिरावट का एक बार फिर नया रिकॉर्ड बन गया। स्थिति ऐसी ही रही तो यह आंकड़ा सौ के पार पहुंच सकता है। रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 31 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 91.28 के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया।

इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 91.05 प्रति डॉलर पर खुला। फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 31 पैसे टूटकर 91.28 पर आ गया। वहीं रुपया मंगलवार को सात पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 90.97 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.59 पर रहा।

यह भी पढ़ें- भारतीय रुपये में ऐतिहासिक गिरावट, 90 के पार पहुंचा डॉलर

वहीं घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 385.82 अंक टूटकर 81,794.65 अंक पर जबकि निफ्टी 91.5 अंक फिसलकर 25,141 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 64.20 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,938.33 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।