नौ फरवरी से शुरू होगा यूपी विधानमंडल का बजट सत्र, अधिसूचना जारी

यूपी विधानसभा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में भी बजट सत्र की तारीख तय कर दी गई है। परिषद का बजट सत्र नौ फरवरी सोमवार को 11 बजे से शुरू होगा। ये बजट सत्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। पटेल विधानसभा मंडप में दोनों सदनों को एक साथ संबोधित करेंगी। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 11 फरवरी को पेश किया जाएगा। दोनों सदनों के प्रमुख सचिवों ने शनिवार को इसकी अधिसूचना जारी की है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से जुड़े महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को सदन के पटल पर रखेगी। सत्र के दौरान सरकार की आर्थिक नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों पर चर्चा होगी। वहीं विधानसभा में बजट सत्र के साथ-साथ अब विधानपरिषद में भी बजट को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी। परिषद में विपक्ष और सत्ता पक्ष के सदस्य बजट प्रस्तावों पर अपनी राय रखेंगे और जरूरी सुझाव देंगे।

यह भी पढ़ें- 18 मंडल में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र समेत यूपी कैबिनेट में 20 प्रस्तावों को हरी झंडी

प्रमुख सचिव डॉ. राजेश सिंह द्वारा जारी अधिसूचना में सभी माननीय सदस्यों को समय पर सदन में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने के आदेश भी दिए गए हैं।

वहीं वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को बताया था कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र नौ फरवरी से शुरू होगा। दस फरवरी को दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और बजट 11 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- UP कैबिनेट में बड़ा फैसला, प्राथमिक शिक्षक व शिक्षामित्रों समेत 15 लाख को मिलेगा मुफ्त कैशलेस इलाज