AAP ने की मोदी-ट्रंप समझौता रद्द करने की मांग, संजय सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री ने बेच दिया जनता-किसानों का हित

आम आदमी पार्टी

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी ने इंडिया-अमेरिका समझौत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आज हमला बोला है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आम जनता और किसानों के हितों को ट्रंप के हाथों बेच दिया है। अब आम आदमी पार्टी 14 फरवरी को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर समझौते की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन करेगी।

आज अपने एक बयान में संजय सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के किसानों और आम जनता के हितों को ताक पर रखकर विदेशी दबाव में यह समझौता किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम देशहित से अधिक कुछ खास उद्योगपतियों के हितों को साधने के लिए रचा गया है। किसानों की उपज, कृषि बाजार और स्थानीय उद्योगों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी अंतरराष्ट्रीय डील को देश स्वीकार नहीं करेगा।

यह भी पढ़ें- US डील व ;एपस्टीन फाइल के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेर राहुल ने कहा, भारत को अमेरिका के हाथ दिया बेच

सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि इस समझौते के पीछे पारदर्शिता का अभाव है और सरकार ने संसद तथा देश की जनता को विश्वास में नहीं लिया। संजय सिंह ने कहा कि जिस तरह से हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ फाइलों और खुलासों को लेकर चर्चा हो रही है, उससे ध्यान हटाने और अपने करीबी उद्योगपतियों को बचाने के लिए सरकार देशहित से समझौता कर रही है।

उन्होंने घोषणा की कि 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से इस समझौते की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराएंगे और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर इस समझौते को तत्काल निरस्त करने की मांग करेंगे।

समझौते को वापस नहीं लिया तो…

संजय सिंह ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने इस समझौते को वापस नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी। उन्होंने दावा किया कि किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों से खिलवाड़ करने वाली किसी भी नीति का पुरजोर विरोध किया जाएगा और देश की संपत्ति तथा नीति को निजी हितों की ढाल नहीं बनने दिया जाएगा।