होली से पहले यात्रियों को राहत, लखनऊ समेत कई रूट पर चलेंगी 20 स्पेशल ट्रेनें

ट्रेन का किराया
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। होली से पहले बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए इंडियन रेलवे ने यात्रियों को थोड़ी राहत दी है। रेलवे ने त्योहार से पहले अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन शुरू करने का फैसला किया है। खासतौर पर उत्तर भारत के प्रमुख शहरों को जोड़ने के लिए नाॅर्दन रेलवे ने 20 होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इन ट्रेनों के चलने से त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्‍मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन विशेष ट्रेनों में अभी कंफर्म टिकट उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा सूची और दलालों की समस्या से छुटकारा मिलेगा। रेलवे का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करना है। वहीं लखनऊ से देश के कई बड़े शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें नई दिल्ली, वाराणसी, छत्तीसगढ़ और श्री माता वैष्णो देवी कटरा प्रमुख हैं।

साथ ही रेलवे ने बताया कि लखनऊ-नई दिल्ली होली स्पेशल ट्रेन 23 फरवरी से दो मार्च तक संचालित की जाएगी। ये ट्रेन रोजाना चलेगी, जिससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार वाराणसी-दिल्ली होली स्पेशल ट्रेन भी प्रतिदिन चलाई जा रही है। वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा अयोध्या से दिल्ली क्षेत्र के यात्रियों के लिए भी राहत की खबर है। अयोध्या कैंट से आनंद विहार टर्मिनल के बीच 24 फरवरी से होली स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। इस रूट पर हर साल होली के दौरान भारी भीड़ देखी जाती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रवासी कामगार त्योहार मनाने अपने घर लौटते हैं। ऐसे में यह विशेष ट्रेन यात्रियों के दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

रेलवे ने केवल राजधानी रूटों तक ही सीमित न रहकर अन्य व्यस्त मार्गों पर भी विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। बरौनी, गोरखपुर और कटरा रूट पर भी अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन मार्गों पर पूर्वांचल और बिहार क्षेत्र के यात्रियों की संख्या त्योहारों में काफी बढ़ जाती है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की मांग और पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर ट्रेनों की संख्या तय की गई है। यदि आवश्यकता पड़ी तो और भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं।

यह भी पढ़े- नए साल पर रेल मंत्री ने किया पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ऐलान, PM मोदी दिखाएंगे झंडी

इस दौरान रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, स्पेशल ट्रेनों में अभी कंफर्म सीटें उपलब्ध हैं। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत बुकिंग काउंटर से टिकट बुक करा सकते हैं। त्योहारों के समय आमतौर पर ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट देखने को मिलती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों की घोषणा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते टिकट बुक करा लें और अनधिकृत एजेंटों से बचें।

यह भी पढ़े- रेलवे का फैसला, यात्रियों को मिलेगी कंफर्म टिकट की तारीख बदलने की सुविधा