आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के किसान पथ पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित एसयूवी की बाइक से टक्कर हो गई। बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहनलालगंज के गोपालखेड़ा निवासी सुशील कुमार अपनी पत्नी और ससुर के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। तभी शाम करीब चार बजे जैसे ही उनकी बाइक सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के किसान पथ पर पहुंची, पीछे से आ रही एक काली एसयूवी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ससुर और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं मृतक की पहचान मोहनलालगंज के गोपालखेड़ा निवासी सुशील कुमार (46) और उनके ससुर मुन्नी लाल (60) के रूप में हुई। इस दौरान हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
यह भी पढ़ें- स्लीपर बस ने किसान पथ को बनाया यात्रियों की मौत का पथ, आग लगने से जिंदा जल गए महिलाओं-बच्चों सहित पांच लोग
इस संबंध में इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि एसयूवी चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार एसयूवी चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।




















