युद्ध का एयरलाइंस पर असर, दुबई जाने वाली कई उड़ानें रद्द, इंडिगो-एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

एयरलाइंस

आरयू वेब टीम। युद्ध के बढ़ते तनाव का असर विमान सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में इंडिगो और एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस ने रविवार को यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) खासकर दुबई जाने वाली उड़ानों को लेकर यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मिडल ईस्ट में बदलते हालात के कारण कई उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव और कुछ फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा है।

इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि मिडल ईस्ट की मौजूदा स्थिति को देखते हुए दुबई में फ्लाइट ऑपरेशन पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसके चलते उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें। साथ ही यात्रियों को लेटेस्ट अपडेट देने के लिए नोटिफिकेशन भी भेजे जा रहे हैं।

वहीं एयर इंडिया ने बताया कि यूएई एयरपोर्ट अथॉरिटीज के निर्देशों के बाद 15 मार्च को कई उड़ानों में कटौती करनी पड़ी है। एयरलाइन के अनुसार एयर इंडिया अब केवल दिल्ली-दुबई के बीच एक रिटर्न फ्लाइट ही संचालित करेगी, जबकि दुबई के लिए निर्धारित पांच उड़ानों में से चार को रद्द कर दिया गया है। साथ ही एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्स्प्रेस भी दिल्ली-दुबई रूट पर सिर्फ एक ही रिटर्न फ्लाइट संचालित करेगी।

वहीं दुबई के लिए तय छह उड़ानों में से पांच को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा अबुधाबी के लिए एयर इंडिया एक्स्प्रेस की सभी पांच उड़ानें भी दिनभर के लिए रद्द कर दी गई हैं, हालांकि एयरलाइन ने बताया कि शाहरजा से दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें जारी रहेंगी। साथ ही रस एल खैमाह से कोझिकोड और कोच्चि के लिए भी उड़ानें संचालित की जा सकती हैं, लेकिन यह स्लॉट उपलब्धता और परिचालन परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़ें- बैंक हमले पर ईरान का सख्त रुख, मुस्लिम देशों को चेतावनी देकर बोले, जरूर दिया जाएगा इसका जवाब

एयरलाइंस ने रद्द हुई फ्लाइट्स से प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के नई तारीख पर टिकट रीबुक कराने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है। एयरलाइंस ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। दरअसल पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में भी तेजी आई है। इसी वजह से इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर जैसी कई एयरलाइंस ने हाल ही में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज भी लागू किया है।

यह भी पढ़ें- इजरायल के हमलों का ईरान ने दिया जवाब, UAE समेत अमेरिका के सात मददगार देशों पर दागीं मिसाइलें