चिनहट CHC का डिप्टी सीएम ने किया औचक निरीक्षण, खामियों पर प्रभारी को लगाई फटकार

औचक निरीक्षण
औचक निरीक्षण कर मरीजों से हाल जानते ब्रजेश पाठक।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जांचने के लिए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोमवार को चिनहट स्थित कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) का अचानक निरीक्षण किया। एकाएक अस्पताल में डिप्टी सीएम को देखकर वहां मौजूद स्टाफ में हलचल मच गई। जबकि सीएम ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और खामिया मिलने पर प्रभारी व जिम्मेदारों को फटकार भी लगाई।

वहीं अस्पताल के विभिन्न वार्डों और ओपीडी का निरीक्षण करते हुए ब्रजेश पाठक ने मरीजों से भी बातचीत की और उनसे इलाज तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कई मरीजों ने अस्पताल में मिलने वाली सेवाओं को लेकर अपनी समस्याएं भी बताईं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और रिकॉर्ड मेंटेन करने के तरीके में कई खामियां सामने आईं।

स्वास्थ्य मंत्री ने इन खामियों पर नाराजगी जताते हुए सीएचसी प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलना उनकी प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जाए।

यह भी पढ़ें- क्या पंडित हैं अवसरवादी?, UP दारोगा भर्ती में पूछे सवाल पर विवाद, ब्रजेश पाठक बोले, कराएंगे जांच

साथ ही निरीक्षण के दौरान ब्रजेश पाठक ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी के साथ निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर नियमित निगरानी की जाएगी।

इसके अलावा डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण किए जाते रहेंगे। यदि कहीं भी लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- ड्यूटी से लगातार गैरहाजिर चार डॉक्टर बर्खास्त