आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सूबे की राजधानी की बसंतकुंज योजना आने वाले समय में राजनीतिक दलों की रैलियों का बड़ा केंद्र होगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल बनाने के बाद सरकारी नेताओं को फीलगुड कराने वाला एक और बड़ा फैसला लिया है। एलडीए अब राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास शहर की सबसे बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग बनाने जा रहा। इस पांच मंजिला पार्किंग को बनाने में प्राधिकरण डेढ़ सौ करोड़ रुपये खर्च करेगा।
ऊपर होगा VIP लाउंज व मीटिंग हॉल
इस पार्किंग में 370 बसें व 400 से अधिक चार पहिया वाहन खड़े किये जा सकेंगे। पार्किंग के ऊपरी हिस्से में गेस्ट हाउस बनेगा, जिसमें कमरों के साथ ही वीआईपी लाउंज व मीटिंग हॉल भी बनेगा। यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले एलडीए इस पार्किंग का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी कर रहा है।
गुरुवार शाम एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने एक बयान जारी करते हुए मीडिया से कहा है कि प्राधिकरण द्वारा बसंतकुंज योजना के सेक्टर-जे में लगभग 65 एकड़ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल विकसित किया है। जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बीती 25 दिसंबर को किया गया था।
वीसी के अनुसार इस लोकार्पण कार्यक्रम में लगभग दो लाख लोगों ने प्रतिभाग किया था। कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आयी 2500 से अधिक बसों के लिए प्रेरणा स्थल के आसपास खाली भूखंडों पर अस्थायी पार्किंग विकसित की गयी थीं। वीसी ने कहा कि भविष्य में भी राष्ट्र प्रेरणा स्थल में इस तरह के भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिसके लिए स्थल के पास मल्टीलेवल पार्किंग बनाने का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।
14 करोड़ के किराये पर ली थीं 2501 बसें
बताते चलें कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन कार्यक्रम में करोड़ों रुपये खर्च कर भव्य सजावट, अस्थायी पार्किंग बनाने व नाश्ते-पानी समेत अन्य प्रबंध करने के साथ ही भीड़ जुटाने के लिए एलडीए ने यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम से 2501 बसें किराये पर ली थीं। इसके लिए प्राधिकरण को सरकार के ही आधीन विभाग परिवहन निगम को करीब 14 करोड़ रुपये का भुगतान करना था। 14 करोड़ में से बकाया एक करोड़ 64 लाख नहीं मिलने पर पिछले दिनों परिवहन निगम के वित्त नियंत्रक अजय जौहरी ने एलडीए को पत्र लिखते हुए बकाया भुगतान करने को कहा था।
यह भी पढ़ें- RPS के सामने भी LDA बनाएगा 364 प्रीमियम फ्लैट्स, करोड़पति वाले टैग से बचाने को लगाया जुगाड़, शनिवार से रजिस्ट्रेशन शुरू
पांच मंजिला होगी पार्किंग
वहीं एलडीए वीसी ने आज यह भी बताया कि पार्किंग के लिए राष्ट्र प्रेरणा स्थल से सटी 21,216 वर्गमीटर जमीन चिन्हित की गयी है, जो एक तरफ 45 मीटर और दूसरी तरफ 24 मीटर रोड पर है। यहां दो भूमिगत पार्किंग के साथ ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर व सेकेंड फ्लोर पर पार्किंग स्पेस बनाया जाएगा। कुल पांच मंजिला पार्किंग में एक साथ 370 बसें व 400 से अधिक चार पहिया वाहन खड़े किये जा सकेंगे।
भव्य होगा इंट्रेस-एक्जिट प्लाजा
पार्किंग के बारे में प्रथमेश कुमार ने बताया कि यहां बसों का आवागमन सुगमता से हो, इसके लिए भव्य इंट्रेस व एक्जिट प्लाजा बनाये जाएंगे। पार्किंग के ऊपरी हिस्से में गेस्ट हाउस भी बनाया जाएगा, जिसमें कमरों के साथ वीआईपी लाउंज व मीटिंग हॉल आदि भी बनेगा। इस पार्किंग के निर्माण में लगभग 150 करोड़ की लागत आएगी। इसका प्रस्ताव तैयार होते ही शासन को भेजा जाएगा और स्वीकृति मिलते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।



















