ईरान का पलटवार, 24 घंटे में मार गिराए अमेरिका के दो फाइटर जेट, हेलीकॉप्टरों को भी बनाया निशाना

ईरान
फाइल फोटो।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। ईरान और अमेरिका के बीच जारी टकराव में बीते 24 घंटे बेहद अहम और अमेरिका के लिए भारी साबित हुए हैं। ईरान ने इस दौरान अमेरिका के कई एडवांस फाइटर जेट और हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया है। इसमें F-15, A-10 अटैक जेट, ड्रोन और चिनूक जैसे हेलीकॉप्टर शामिल बताए जा रहे हैं। ईरान के इस आक्रामक जवाब के बाद अमेरिकी सेना में हलचल तेज हो गई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने दो F-15E स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट को मार गिराया। इन जेट्स में दो क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से एक को बचा लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। इसके अलावा, रेस्क्यू मिशन पर गए एक हेलीकॉप्टर को भी ईरान ने निशाना बनाया। साथ ही ईरान ने अमेरिका के A-10 थंडरबोल्ट अटैक जेट को भी गिराने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि पायलट ने पर्सियन गल्फ में इजेक्ट कर अपनी जान बचाई। साथ ही, MQ-9 ड्रोन और कई अन्य ड्रोन को भी मार गिराने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें- पुल उड़ाने पर अब ईरान ने भी मध्य पूर्व के आठ खास पुलों की हिट लिस्ट की जारी

अमेरिकी सैन्य विमान को इस तरह मार गिराने की घटना बेहद दुर्लभ है और पिछले करीब 20 साल में ऐसा नहीं हुआ था। इससे साफ है कि ईरान अभी भी जवाबी कार्रवाई करने में सक्षम है। वहीं ईरानी हमले में अमेरिका के चिनूक हेलीकॉप्टर को कुवैत में गिराने का दावा किया गया है, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। इसके अलावा दो UH-60 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर भी हमले की चपेट में आए, जिन्हें काफी नुकसान हुआ। वहीं आइआरजीसी ने F-35 स्टील्थ फाइटर जेट गिराने का भी दावा किया है, हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अमेरिका ने केवल F-15 और A-10 को नुकसान होने की बात मानी है।

गौरतलब यह सब उस समय हुआ जब एक दिन पहले ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य ताकत को पूरी तरह खत्म कर दिया है। लेकिन ईरान के ताजा हमलों ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- दुबई एयरपोर्ट के पास ईरानी ड्रोन हमला, फ्यूल टैंक में लगी आग, मची अफरा-तफरी