आरयू वेब टीम। देश में ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर अब और गहरा होता जा रहा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर और एयर टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में इजाफा होने के बाद सीएनजी की कीमतों में भी इजाफा कर दिया गया है। इस बार टॉरेंट गैस कंपनी ने सीएनजी के दाम बढ़ाए हैं। टॉरेंट गैस द्वारा की गई इस बढ़ोतरी का सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ने लगा है।
टॉरेंट गैस कंपनी ने सीएनजी की कीमत में दो रुपये 50 पैसे प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे उनके रोजमर्रा के खर्चों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वहीं ऑटो चालकों ने बताया कि लगातार बढ़ती ईंधन की कीमतों से उनकी आमदनी पर सीधा असर पड़ रहा है और मुनाफा कम होता जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गैस सिलेंडर के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा, 11 रुपए लीटर की बढ़ोतरी
ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब एक अप्रैल से कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 195 रुपये 50 पैसे बढ़कर अब 2,078 रुपये 50 पैसे हो गई है। इसके साथ ही छोटे पांच किलोग्राम वाले सिलेंडर भी महंगे हो गए हैं। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में पिछले महीने हुई बढ़ोतरी के बाद अभी कोई नया बदलाव नहीं किया गया है।



















