“रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा निकाल संजय सिंह ने कहा, नहीं बर्बाद होने देंगे युवाओं का भविष्य

आप की पदयात्रा
पदयात्रा के दौरान संजय सिंह का स्‍वागत करते लोग।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। बेरोजगारी के खिलाफ योगी सरकार को घेरने वाली आम आदमी पार्टी ने आज एक बार फिर उत्‍तर प्रदेश में “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा निकाली। पदयात्रा का नेतृत्‍व कर रहे आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि वह यूपी के युवाओं का भविष्‍य बर्बाद नहीं होने देंगे, योगी सरकार अगर रोजगार नहीं दे सकती तो बेरोजगारों को दस हजार रुपये बेरोजगारी भत्‍ता दे।

सोमवार को यह पदयात्रा हाथरस के सादाबाद से मथुरा तक निकली। संजय सिंह ने कहा कि पदयात्रा में उमड़ा अभूतपूर्व जनसैलाब यह साफ संकेत दे गया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। जगह-जगह फूलमालाओं, नारों और गर्मजोशी भरे स्वागत ने इस पदयात्रा को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है।

वहीं आज मथुरा में पहुंचते ही संजय सिंह ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए वहां एक जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने अपनी आगे की यात्रा शुरू की।

यूपी में लाखों पद खाली होने के बाद भी…

बेरोजगारी के मुद्दे पर संजय सिंह ने योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में लाखों पद खाली होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया या तो लटकी हुई है या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। उन्होंने बताया कि 2023-24 में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कई भर्तियां जैसे पीईटी आधारित पद महीनों तक अटकी रहीं, जिससे लाखों युवाओं को बार-बार परीक्षा देनी पड़ी। मथुरा जनपद में ही हाल के वर्षों में संविदा और आउटसोर्सिंग के नाम पर स्थायी नौकरियों को खत्म किया गया, जिससे स्थानीय युवाओं में भारी असंतोष है।

शिक्षामित्रों और ग्राम रोजगार सेवकों ने कई बार धरना

आप नेता ने आगे कहा कि मथुरा के शिक्षामित्रों और ग्राम रोजगार सेवकों ने कई बार धरना देकर अपनी मांगें उठाईं, लेकिन सरकार ने उनकी सुनवाई नहीं की। संजय सिंह ने कहा कि बेरोजगारी दर के बढ़ते आंकड़े और रोजगार के अवसरों की कमी यह दिखाती है कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

यह भी पढ़ें- AAP ने कहा, सफेद झूठ है योगी सरकार का ‘स्‍वस्‍थ उत्‍तर प्रदेश’ का दावा, लखनऊ से गांव तक डॉक्‍टरों की भारी कमी