पश्चिम बंगाल में भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी, अमित शाह ने कहा, सरकार बनीं तो छह महीनों में लागू करेंगे UCC

अमित शाह
घोषणा पत्र जारी करते अमित शाह।

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल में होने वाले दो चरणों के विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र यानी ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल की जनता के लिए कई बड़े ऐलान किए। साथ ही वादा किया कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो अगले छह महीनों के भीतर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर दी जाएगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा पत्र में महिलाओं और युवाओं को साधने के लिए बड़े वित्तीय वादे किए हैं। अमित शाह ने घोषणा की कि भाजपा सरकार आने पर बंगाल की महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, राज्य सरकार की नौकरियों और पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा। वहीं, बेरोजगार युवाओं को भी हर महीने 3,000 रुपये की सहायता देने का संकल्प लिया गया है।

साथ ही गृह मंत्री ने बंगाल की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कहा कि भाजपा घुसपैठियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएगी। उन्होंने सीमाओं को सुरक्षित करने और राज्य में कानून का शासन स्थापित करने का भरोसा दिलाया। शाह ने स्पष्ट किया कि बंगाल की जनता डरी हुई है और अब वह दिल से बदलाव चाहती है।

वहीं कर्मचारियों को रिझाते हुए अमित शाह ने एलान किया कि सत्ता में आने के महज 45 दिनों के भीतर पश्चिम बंगाल में सातवां वेतन आयोग लागू कर दिया जाएगा। साथ ही, आयुष्मान भारत जैसी केंद्रीय योजनाओं को भी राज्य में तुरंत प्रभावी बनाया जाएगा। किसानों के लिए पीएम किसान योजना के तहत केंद्र के 6,000 रुपये के साथ राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त तीन हजार रुपये की वार्षिक मदद दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- अमित शाह ने कहा, ‘असम की तरह पूरे देश से बांग्लादेशियों को भगाएंगे’

संकल्प पत्र जारी करते समय अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने फर्जी वादों और घुसपैठियों के साथ सांठगांठ के दम पर तीन कार्यकाल हासिल किए। शाह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल ने केवल निराशा देखी है और भाजपा का यह संकल्प पत्र ‘सोनार बांग्ला’ बनाने का रोडमैप है। शाह ने बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए ‘वंदे मातरम’ संग्रहालय और रवींद्रनाथ टैगोर के नाम पर सांस्कृतिक केंद्र बनाने का भी वादा किया।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में, 23 और 29 अप्रैल को होंगे। वोटों की गिनती चार मई को की जाएगी। भाजपा को भरोसा है कि इस बार बंगाल की जनता पूर्ण बहुमत के साथ उनकी सरकार बनाएगी।

यह भी पढ़ें- भाजपा का संकल्प पत्र जारी कर अमित शाह ने जनता से कहा, ये नहीं है कोरे वादे