आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने मंगलवार को अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है। सपा मुखिया पर आरोप लगाते हुए केशव मौर्या ने कहा कि सत्ता में रहते हुए पिछड़े वर्ग के लिए कुछ नहीं किए। इन्होंने सिर्फ परिवारवाद को बढ़ाया है। 2027 तो दूर, अब 2047 तक भी मुख्यमंत्री की कुर्सी उनके नसीब में नहीं है।
डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया पर पोस्टकर कहा कि सपा बहादुर अखिलेश यादव को अच्छे से समझ लेना चाहिए कि यूपी का माहौल बिगाड़ने की राजनीति अब कतई नहीं चलेगी। अपने मुख्यमंत्री काल में उन्होंने पिछड़े वर्ग की उपेक्षा करने के अलावा एक भी ठोस जमीनी काम नहीं किया। परिवारवाद, जातिवाद और अपराधियों को बढ़ावा देना उनकी स्थायी पहचान बन चुकी है।
साथ ही कहा कि अपने घड़ियाली आंसुओं के बल पर पिछड़े वर्ग को बरगलाने के उनके दिन अब लद चुके हैं। 2027 तो दूर, अब 2047 तक भी मुख्यमंत्री की कुर्सी उनके नसीब में नहीं है। इससे पहले भी केशव मौर्य के कई मौकों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साध चुके हैं। केशव मौर्य पहले भी अखिलेश यादव को 2047 तक मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं मिलने का दावा कर चुके हैं। हालांकि, अखिलेश यादव की तरफ से लगातार इसको लेकर पलटवार किया गया है।
यह भी पढ़ें- डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगों व अपराध के डर से किया मुक्त: केशव मौर्या
बता दें कि, यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी काफी बढ़ी हुई है। कुछ महीनों बाद चुनाव का शंखनाद हो जाएगा। इसको लेकर सपा पीडीए वोट बैंक को अपने ओर करने की पूरी कोशिश कर रही है, जिसके लिए वो लगातार कोशिश भी कर रही है। वहीं, अखिलेश यादव के पीडीए पर भाजपा की तरफ से सवाल भी उठाया जा रहा है।




















