कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अश्विन जोशी की एकाएक मौत

अश्विन जोशी
अश्विन जोशी। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अश्विन जोशी का हार्ट अटैक से मौत हो गई है। शुक्रवार को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें इंदौर के शेल्बी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अश्विन जोशी को मृत घोषित कर दिया। पूर्व विधायक के निधन से कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के मुताबिक 66 साल के अश्विनी जोशी काफी समय से बीमार थे। उनका उपचार भी चल रहा था। इसी बीच शुक्रवार सुबह कांग्रेस नेता को दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद अश्विनी को सुबह करीब आठ बजे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्हों ने अंतिम सांस ली।

परिजनों ने बताया कि हार्टअटैक आते ही उन्हें तुरंत शेल्बी हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया था। यहां डॉक्टरों की टीम ने अश्विनी जोशी को बचाने के लिए खासा जोर लगाया, लेकिन उनकी सांसे नहीं लौट सकीं।

अश्विन जोशी विधायक और कांग्रेस नेता के रूप में आमजनों के हितों के लिए बेहद मुखर रहे। उनके निधन की खबर मिलते ही निवास पर समर्थक उमड़ने लगे हैं। हालांकि अश्विनी जोशी के अंतिम संस्कार में विलंब होने की बात कही जा रही है। परिजनों ने बताया कि उनका बेटा अभी विदेश में है। बेटे के आने के बाद ही अश्विनी जोशी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पूर्व विधायक कमलेश शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन

गौरतलब है कि अश्विन जोशी इंदौर की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय थे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में उनकी गिनती होती थी। वे संगठन में मजबूत पकड़ के लिए पहचाने जाते थे। अश्विन जोशी वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश जोशी के भतीजे थे और इंदौर विधानसभा क्रमांक-3 की राजनीति में बड़ा चेहरा माने जाते थे। वे 1998 से 2013 तक लगातार तीन बार विधायक रहे और अपने सरल स्वभाव तथा जन संपर्क के लिए पहचाने जाते थे। 2018 विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा नेता आकाश विजयवर्गीय के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था।

शहर में उन्हें “अश्विन बाबा” के नाम से भी जाना जाता था। जनता के बीच पानी की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहने के कारण लोग उन्हें “पानी का टैंकर वाले बाबा” कहकर भी संबोधित करते थे। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इंदौर की राजनीति में उनकी पहचान एक जमीनी और सक्रिय नेता के रूप में रही।

यह भी पढ़ें- गोव के पूर्व CM रवि नाइक की हार्ट अटैक से मौत