मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में सपा ने उतारे नौ उम्मीदवार

मध्य प्रदेश चुनाव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों की रणभेरी बज चुकी है। प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर हो वोटिंग होगी। जिसके लिए समाजवादी पार्टी ने रविवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इस लिस्ट में तीन यादव समेत पांच ओबीसी, तीन दलित और एक ब्राह्मण प्रत्याशी है। हालांकि, यह सपा-कांग्रेस गठबंधन के तहत उतारे गए आधिकारिक प्रत्याशी नहीं बताए जा रहे हैं।

सपा ने निवाड़ी विधानसभा सीट से पूर्व विधायक मीरा यादव को उम्मीदवार बनाया है। राजनगर से बृजगोपाल पटेल को, दतिया से भाजपा के नरोत्तम मिश्रा के सामने डी आर राहुल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं सीधी से भाजपा की महिला सांसद के सामने सपा ने विश्वनाथ सिंह को, सिंगरौली की चितरंगी सीट से श्रवण कुमार सिंह, रीवां की सिरमौर विधानसभा सीट से लक्ष्मण तिवारी को, बिजावर से मनोज यादव, कटंगी से महेश सहारे को चुनाव मैदान में उतारा है।

यह भी पढ़ें- एमपी-छत्तीसगढ़ समेत तीन राज्यों के लिए कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट

इससे पहले आज सुबह कांग्रेस ने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। जहां पार्टी ने वर्तमान विधायक एनपी प्रजापति का टिकट काट दिया। वहीं विधायक केपी सिंह की सीट बदल दी गई है। कांतिलाल भूरिया की जगह उनके बेटे विक्रांत भूरिया को टिकट दिया गया है, हालांकि भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष कांग्रेस ने अभी तक किसी भी चेहरे को नहीं उतारा है।

कांग्रेस ने सीएम शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ विक्रम मस्तान को टिकट दिया है। सीएम बुधनी से चुनाव मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस ने सूची में जातिगत समीकरणों का भी पूरा ध्यान रखा है। कांग्रेस ने 47 जनरल और 39 ओबीसी उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का ऐलान, नवरात्रि में VIP लोकसभा सीटों पर घोषित करेंगे उम्मीदवार, भाजपा-बसपा पर भी साधा निशाना