आरयू वेब टीम। सीयूईटी यूजी एग्जाम के दौरान सामने आई गड़बड़ी पर नाराज नोएडा में परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया। सेक्टर 64 स्थित एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी समस्या और परीक्षा में देरी के कारण सैकड़ों छात्रों ने जमकर बवाल काटा साथ ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) मुर्दाबाद के नारे भी लगाए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
शनिवार को सीयूईटी यूजी परीक्षा के लिए विद्यार्थी और उनके परिजन सुबह सात बजे ही सेक्टर 64 के आदर्श परीक्षा केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गए थे। परीक्षा सुबह नौ बजे शुरू होनी थी, लेकिन केंद्र पर पहुंचने के बाद भी कई छात्रों को प्रवेश नहीं मिल पाया। कुछ छात्रों ने दावा किया है कि उन्हें केंद्र के बाहर एक घंटे से भी अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। परीक्षा अपने निर्धारित समय से काफी देरी से शुरू हुई और दोपहर 12 बज गए। जब आखिरकार परीक्षा शुरू हुई, तो अचानक कंप्यूटर सिस्टम में गंभीर गड़बड़ियां आ गईं।
कई छात्रों ने मीडिया बताया कि उनकी स्क्रीन फ्रीज हो गई थी। कुछ विद्यार्थियों के सामने प्रश्न ही नहीं दिख रहे थे। कई छात्र परीक्षा के बीच में ही सिस्टम से लॉगआउट हो गए। इन गंभीर तकनीकी समस्याओं और अव्यवस्था के कारण छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने तत्काल केंद्र पर हंगामा करना शुरू कर दिया। नाराज छात्रों ने केंद्र के अंदर ही कुर्सियां और टेबल तोड़ डाले। उन्होंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और केंद्र प्रशासन के खिलाफ जोर-जोर से नारे लगाए।
कुछ छात्र गुस्से में केंद्र से बाहर निकल आए और सड़क पर उतरकर यातायात जाम कर दिया। छात्रों के इस बड़े विरोध प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह छात्रों को समझाने का प्रयास किया। उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनकी सभी शिकायतें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को भेज दी जाएंगी और इस मामले की जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- NTA ने जारी किया CUET एग्जाम की गाइडलाइन, जानें पूरी डिटेल
छात्रों ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि सीयूईटी जैसी महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा में इतनी बड़ी लापरवाही उनके भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। यह एक गंभीर मुद्दा है। कई छात्रों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाया। इन वीडियो को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल कर दिया गया है, जिससे यह मामला और भी सुर्खियों में आ गया है।
इस पूरे घटनाक्रम पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। स्थानीय प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा केंद्र के संचालकों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने केंद्र के बाहर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात कर दिए हैं।
गौरतलब है कि देशभर के विभिन्न शहरों में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए सीयूईटी यूजी परीक्षा का आयोजन कर रहा है। इस दौरान कई केंद्रों पर तकनीक गड़बड़ी के कारण परीक्षा में देरी हुई। जिसे से लेकर छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश देखने को मिली। इन समस्याओं का समाधान करते हुए एनटीए ने दोपहर सेशन के समय में बदलाव किया है।




















