जयपुर में विदेशी युवती में मिले इबोला वायरस जैसे लक्षण, कराया गया भर्ती

इबोला

आरयू वेब टीम। अब भारत में भी इबोला वायरस की लगभग इंट्री हो गई है। जयपुर पहुंची युगांडा की एक 19 वर्षीय युवती में इबोला वायरस संक्रमण जैसे लक्षण पाए जाने के बाद उसे एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि युवती से लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है और अब तक उसमें इस बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है।

अफसरों के अनुसार, युवती शारजाह से जयपुर पहुंची थी और हवाई अड्डे पर स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने जांच के दौरान उसमें लक्षण पाए। साथ ही बताया कि इसके बाद उसे राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे विशेष देखभाल इकाई में पृथकवास में रखा गया है। इस संबंध में आरयूएचएस के प्राचार्य डॉ. मोहनीश ग्रोवर ने बताया कि मरीज से लिया गया एक नमूना जांच के लिए पुणे भेजा गया है, जबकि दूसरा नमूना 48 घंटे बाद भेजा जाएगा।

मोहनीश ग्रोवर ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक मरीज को पृथकवास में रखा जाएगा। ग्रोवर ने बताया, ‘‘अगर जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो मरीज को 21 दिनों तक पृथकवास में रखा जाएगा और उसी के अनुरूप उसका उपचार किया जाएगा।’’ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि महिला में अभी तक इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है और उसमें केवल इस संक्रमण जैसे कुछ लक्षण दिखाई दिए हैं। साथ ही कहा कि ‘‘सिर्फ लक्षणों के आधार पर इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं की जा सकती।’’ उन्होंने कहा कि अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इबोला की पुष्टि की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- इबोला वायरस का कांगो-युगांडा में कहर, WHO ने घोषित किया वैश्विक स्वास्थ्य इमरजेंसी

अधिकारियों के अनुसार, महिला को करीब एक महीने से पेट दर्द के साथ भूख न लगने की शिकायत थी और फिलहाल उसे सिरदर्द है। उन्होंने बताया कि महिला पर्यटक के रूप में जयपुर आई थी। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर उसी उड़ान में उसके साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को घर पर अलग रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- WHO ने कांगो-युगांडा में Ebola को घोषित किया महामारी, दिल्ली एयरपोर्ट के लिए गाइडलाइंस जारी