SDM पर हमले को मायावती ने बताया चिंताजनक, की दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मायावती

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने हरदोई जिले में सरकारी निरीक्षण के दौरान शाहाबाद के एसडीएम सुशील मिश्रा पर हुए हमले पर नाराजगी जताई है। घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए मंगलवार को मायावती ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ सरकार को ऐसी घटना को रोकने की सलाह भी दी है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टकर कहा कि यूपी की राजधानी लखनऊ के पड़ोसी ज़िला हरदोई में एक सरकारी अधिकारी शाहाबाद के एसडीएम सुशील मिश्रा पर सरकारी निरीक्षण के दौरान दबंगों द्वारा ईंट व पत्थर आदि से किया गया जानलेवा हमला तथा उसमें उनके घायल होकर इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती होने की खबर है, जो दुर्भाग्यपूर्ण ही नहीं बल्कि अति-चिन्ता जनक भी है। ऐसी घटनाओं की रोकथाम जरूरी है। ताकि सरकारी कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के साथ-साथ प्रदेश को अराजक तत्वों से बचाया जा सके। सरकार व्यापक जनहित के मद्देनजर, इस ओर जरूर समुचित ध्यान दे।

मालूम हो कि ये मामला शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के परियल गांव का है। जहां सोमवार दोपहर बाद राजस्व टीम पहुंची। गर्रा की बाढ़ से बचाव के इंतजाम का जायजा लेना शुरू कर दिया। तभी कुछ ग्रामीणों ने राशन कोटेदार द्वारा राशन वितरण सही से न करने की शिकायत की। शाम करीब पांच बजे एसडीएम समेत राजस्व टीम कोटेदार की दुकान पर पहुंच गई। इसी दौरान कोटेदार से राजस्व टीम की नोकझोंक शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें- बयानबाजी से बच चुनावी नतीजों पर दें ध्यान, बसपा नेताओं को मायावती की नसीहत

कोटेदार के चाचा जिला पंचायत सदस्य हैं। विवाद उग्र होते ही कोटेदार समर्थक ग्रामीणों ने टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान सिर में पत्थर लगने से एसडीएम सुशील मिश्रा घायल हो गए। जिसके बाद आनन- फानन में घायल एसडीएम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है।

यह भी पढ़ें- सिलेंडर का रेट बढ़ने पर मायावती की सरकार को सलाह, चुनाव की तरह करें पेट्रोल-डीजल व गैस के दाम नियंत्रित