आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री आवास से कुछ दूरी पर स्थित सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार को फॉल सीलिंग अचानक गिर जाने से मरीजों व अन्य में हड़कंप मच गया। घटना के समय इमरजेंसी वॉर्ड में फायर सेफ्टी से जुड़ा काम चल रहा था। गनीमत ये रही की इस घटना किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सीलिंग गिरने के बाद एहतियातन वार्ड को खाली करा दिया गया।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने कहा कि दोपहर के समय इमरजेंसी वार्ड में फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच और मरम्मत का कार्य निर्माण एजेंसी करा रही थी। इसी मरम्मत कार्य के दौरान छत पर ऊपर लगी फाइबर की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर धड़ाम से नीचे आ गिरी। सीलिंग गिरने की तेज आवाज सुनते ही वार्ड में भर्ती मरीजों के तीमारदार और ड्यूटी पर तैनात अस्पताल स्टाफ बुरी तरह घबरा गए।
घटना के वक्त इमरजेंसी वार्ड में कुल नौ गंभीर मरीज भर्ती थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। स्थिति की गंभीरता और खतरे को देखते हुए इमरजेंसी वार्ड को डॉक्टरों के निर्देश पर तुरंत खाली करा लिया गया। इसके बाद सभी मरीजों को अस्पताल के अन्य सुरक्षित वार्डों में बेड अलॉट कर इलाज के लिए भेजा गया। मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि फॉल सीलिंग गिरने से कुछ महंगे मेडिकल उपकरण और फर्नीचर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
अचानक हुई इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पीडब्ल्यूडी की इंजीनियरिंग टीम को बुलाकर बाकी बची सीलिंग की तकनीकी जांच कराई गई। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इमरजेंसी क्षेत्र को मरीजों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला रिवाल्वर-राइफल का दो दर्जन से ज्यादा कारतूस, मचा हड़कंप
वहीं मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि सिविल अस्पताल में रखरखाव के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति होती है। लखनऊ सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। फायर सेफ्टी का काम कर रही कार्यदायी एजेंसी और अस्पताल के संबंधित अधिकारियों से इसको लेकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी स्थिति का जायजा लेकर इमरजेंसी वार्ड को जल्द सुरक्षित बनाकर यहां सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए हैं।




















