राजधानी जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट अचानक कैंसिल, लखनऊ एयरपोर्ट पर फूटा यात्रियों का गुस्सा

एयर इंडिया की फ्लाइट
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय यात्रियों ने जमकर हंगामा किया जब लखनऊ से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को अचानक रद्द कर दी गई। उड़ान रद्द होने से 136 यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसके बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। बाद में एयरलाइन अधिकारियों ने यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजा।

मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स 2173) लखनऊ से दोपहर दो बजे दिल्ली के लिए निर्धारित थी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार विमान निर्धारित समय पर रवाना नहीं हुआ और यात्रियों को लगातार देरी की सूचना दी जाती रही। शाम करीब 4:30 बजे डिस्प्ले पर अचानक उड़ान रद्द होने की घोषणा की गई।

यह भी पढ़ें- फ्लाई दुबई की फ्लाइट से टकराया पक्षी, लखनऊ एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा

उड़ान रद्द होने की खबर मिलते ही यात्री भड़क गए और उन्होंने एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद एयरलाइंस अधिकारियों ने यात्रियों को टिकट का पैसा वापस करने या दूसरी उड़ान से दिल्ली भेजने का आश्वासन दिया, जिसके बाद यात्री शांत हुए। बाद में दिल्ली जाने वाले इन यात्रियों को दूसरे विमान से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया, हालांकि उड़ान रद्द होने के कारण यात्री समय पर दिल्ली नहीं पहुंच सके, जिससे उनमें काफी नाराजगी रही।

यह भी बताया जा रहा है कि लखनऊ से तड़के 3:15 बजे दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स 193) को भी ऑपरेशनल कारणों से एक अगस्त शनिवार को रद्द कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार दोनों विमानों को ऑपरेशनल कारणों से ही रद्द किया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के तीन विमानों की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, खराब मौसम के बाद की गई डायवर्ट