आरयू वेब टीम। लोकसभा के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा आयोजित पारंपरिक टी पार्टी का ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक दलों ने बहिष्कार किया, जबकि विपक्ष की एक अन्य प्रमुख पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेताओं ने इसमें हिस्सा लिया।
जानकारी के अनुसार बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सरकार के कई अन्य मंत्री मौजूद रहे। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि उनके साथ ही समाजवादी, तृणमूल कांग्रेस और अन्य कई दलों के नेताओं ने इस कार्यक्रम में भाग नहीं लिया।
दरअसल लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद परंपरागत रूप से लोकसभा अध्यक्ष की ओर से यह चाय पार्टी आयोजित की जाती है, जिसमें प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और सत्तापक्ष के नेताओं के साथ विपक्ष के प्रमुख नेता शामिल होते हैं।
यह भी पढ़ें- विपक्ष के सांसदों ने किया संसद में प्रदर्शन, प्रियंका गांधी ने अमित शाह से मांगा चढ़ावा चोरी व लाठीचार्ज पर जवाब
वहीं राज्यसभा की बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। उच्च सदन की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके बाद उन्होंने शून्यकाल और प्रश्नकाल को स्थगित करते हुए खान मंत्री जी किशन रेड्डी से ‘खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026’ को चर्चा करने एवं पारित करने के लिए सदन में पेश करने को कहा। रेड्डी ने विधेयक पेश किया और इस पर संक्षिप्त चर्चा हुई।
चर्चा के बाद मंत्री ने जवाब दिया और फिर ध्वनिमत से इसे पारित कर दिया गया। लोकसभा में ये विधेयक बुधवार को पारित हो चुका है। विधेयक पारित होने के बाद सभापति ने बारह बज कर पांच मिनट उच्च सदन की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।




















