आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार भीषण सड़क हादसा हो गया। एक जवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही सेना की एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भयानक हादसे में एंबुलेंस में सवार सैन्यकर्मी समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत-बचाव दल एंबुलेंस में फंसे शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मौके पर पहुंची पुलिस और यूपीडा के कर्मियों और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। वाहन के अंदर चालक और एक सैन्यकर्मी के शव बुरी तरह फंसे थे जिसे की पुलिस और बचावकर्मी गैस कटर की मदद से एंबुलेंस को काटकर बाहर निकाला। राहत बचाव कर्मियों ने बताया कि इस भीषण दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले चारों लोगों की पहचान हो चुकी है। मृतकों की पहचान सूबेदार के इकलौते बेटे गौरव सिंह (28), भाई राम समुझ (40), रिश्ते के भतीजे राजन सिंह (35) और एंबुलेंस चालक जसपाल (30) के रूप में हुई है। सूबेदार के शव को हलियापुर थाने में रखवाया गया।
यह भी पढ़ें- मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत
पुलिस के मुताबिक, देवरिया के रुद्रपुर के रहने वाले सेना में सूबेदार मेजर सत्यवान मेरठ में तैनात थे। चंडीगढ़ में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। तीन दिन पहले पंचकुला में उनका निधन हो गया। इसके बाद परिवार के लोग उनका शव लेने पंचकुला पहुंचे। सत्यवान के भाई राम समुझ, रिश्ते के भतीजे राजन सिंह और इकलौते बेटे गौरव सिंह शनिवार शाम करीब चार बजे एंबुलेंस से शव लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार से उनके पीछे-पीछे चल रहे थे।


















