यूपी राज्यसभा के लिए भाजपा के आठ उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

नामांकन
सीएम व डिप्टी सीएम के साथ नामांकन करने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी राज्यसभा चुनाव में सभी दस उम्मीदवारों का चयन निर्विरोध होने के आसार हैं।भारतीय जनता पार्टी के आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारी अजीत वर्मा के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए।

इन उम्मीदवारों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से उत्तर प्रदेश के मंत्री धर्मपाल सिंह (लोध), ओबीसी प्रकोष्ठ के राज्य प्रमुख प्रकाश पाल (पाल) और श्रुति गंगवार (कुर्मी), अनुसूचित जाति से विद्यासागर सोनकर और प्रियंका रावत, ब्राह्मण समुदाय से राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडे तथा क्षत्रिय समुदाय से राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं।

निर्वाचन अधिकारी अजीत वर्मा ने कहा, ”सभी उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र के दो-दो सेट दाखिल किए हैं। प्रत्येक सेट के साथ प्रस्तावक के तौर पर दस विधायकों के हस्ताक्षर हैं।” इस बीच डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, ”बात साफ है। सपा ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार मान ली है।” मंगलवार को राज्यसभा की दस सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। अगर अंतिम समय में कोई बदलाव नहीं हुआ तो सभी दस उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव के लिए सपा से रामगोपाल यादव व धनराज नाथवानी ने किया नामांकन

बीजेपी के सभी उम्मीदवार पहले विधानसभा के सामने स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच वे नामांकन दाखिल करने के लिए रवाना हुए। भाजपा के आठ उम्मीदवारों में दो महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

यह भी पढ़ें- UP की दस राज्यसभा सीट पर 16 अक्टूबर को होगी वोटिंग, EC ने किया ऐलान