आरयू ब्यूरो, लखनऊ। चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश की दस और उत्तराखंड की एक सीट पर 16 अक्टूबर को वोटिंग होगी। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में एक सीट पर उपचुनाव भी होगा। इसके लिए भी इसी दिन वोट डाले जाएंगे। यूपी में इन दस सीटों का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा है।
वहीं चुनाव का नोटिफिकेशन 29 सितंबर को जारी होगा। जबकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह अक्टूबर को होगी। स्क्रूटनी का काम अगले दिन यानी सात अक्टूर को होगा। नामांकन वापस लेने की तारीख नौ अक्टूबर होगी। 16 अक्टूबर को वोटिंग के बाद काउंटिंग भी होगी।
यूपी में खाली हो रही इन दस सीटों में से इस समय आठ सीटें भाजपा, एक सीट सपा और एक सीट बसपा (रामजी गौतम) के पास है। इन सीटों पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, पूर्व डीजीपी बृजलाल, गीता शाक्य उर्फ चंद्रप्रभा, सीमा द्विवेदी, बी. एल. वर्मा, दिनेश शर्मा (राज्यपाल बन गए), सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव, रामजी गौतम (नहीं रहे) जैसे दिग्गज चेहरे शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- पांच राज्यों की छह सीटों पर उपचुनाव की घोषणा, चुनाव आयोग ने जारी किया शेड्यूल
दरअसल यूपी में एनडीए खेमे के पास करीब 292 विधायक हैं। इस लिहाज से भाजपा गठबंधन आसानी से सात से आठ सीटें जीत सकता है। वहीं सपा के पास विधानसभा में सौ से अधिक विधायक हैं। इस संख्या बल के साथ सपा दो सीटें बेहद आसानी से अपने पाले में कर लेगी। वहीं उत्तराखंड से खाली हो रही सीट पर सत्ताधारी दल का दबदबा है। मौजूदा समीकरणों को देखते हुए यह सीट भी भाजपा के पाले में जाएगी।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि हाल ही में टीएमसी सांसद रुक्मिणी मलिक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। इसी साल अप्रैल में वह राज्य सभा के लिए चुनी गईं थीं. अब यहां उपचुनाव हो रहा है।




















