आरयू वेब टीम। राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार को भीषण हादसा हो गया है। श्रद्धालुओं को लेकर मध्य प्रदेश से जयपुर खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर डिवाइडर तोड़कर करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। राहगीरों हादसे की सूचना पुलिस को दी।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब सात बजे ट्रैवलर ने कराड़िया टोल प्लाजा पार किया था और सुल्तानपुर की ओर बढ़ रही थी। उसी दौरान ट्रैवलर की स्पीड अधिक होने के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया। गाड़ी सड़क पर लगे डिवाइडर को तोड़ते हुए पुलिया के बीच से सीधे नीचे नाले में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और भीतर बैठे श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर भीड़ लग गई। हादसे की सूचना पर सीमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को नाले से बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए कोटा के नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें- यूपी में माता के दर्शन कर लौट रहे ज्योत पदयात्रियों को कैंटर ने रौंदा, चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 15 घायल
सीमलिया थाना अधिकारी नंद सिंह के अनुसार हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। एक मृतक का शव एमबीएस अस्पताल में है, जबकि सात शव मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में हैं। साथ ही बताया कि हादसे में 17 लोग घायल हैं। इस ट्रैवलर में करीब 25 लोग सवार थे। ट्रैवलर में सवार अधिकांश लोग मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी हैं। ये लोग बैतूल से ही शुक्रवार रात को सीकर के रींगस स्थित खाटू श्याम जी जाने के लिए निकले थे।
इन आठ लोगों की हुई है मौत
मरने वाले लोगों में वैष्णवी, तृषा, अरुणा, कृष्णा, अनीता, ओम सूर्यवंशी और ड्राइवर अज्ञात है। इनके शव को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में रखा गया है, जबकि एक रानू बोड़वे की मौत एमबीएस में हो गई है। रानू मध्य प्रदेश के भोपाल के राजीव नगर निवासी है।
वहीं घायलों में हेमलता गायकवाड, अजय, वंशिका मोनिशा, चित्रेश और सारांश शामिल हैं। जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में चल रहा है, जबकि एमबीएस में चेतन, क्रिश्वी, वैदेही, नीलू गुडके, संतोष वर्षा और कमलेश हैं। मृतक और घायल सभी लोग आपस में रिश्तेदार और पारिवारिक दोस्त हैं।



















