शेफाली वर्मा पर ICC का एक्शन, आपा खोने पर मिला डिमेरिट पॉइंट

आइसीसी
शेफाली वर्मा। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा पर आइसीसी ने नियम तोड़ने के चलते कड़ा एक्शन लिया है। हालांकि शेफाली ने अपनी गलती मान ली है और आइसीसी की तरफ से सुनाई गई सजा को स्वीकार कर लिया है। शेफाली ने कैच छूटने पर गेंद को गुस्से को जमीन पर पटक दिया था। इसी वजह से उनके खिलाफ एक्शन लिया गया है।

आइसीसी की तरफ से बताया गया कि शेफाली ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आइसीसी की आचार संहिता के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया था। यह आर्टिकल अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या ड्रेस, मैदान उपकरण या फिक्स्चर और फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है। इसके बाद शेफाली के डिसीप्लेन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है।

ये घटना भारत की गेंदबाजी के दौरान पहली पारी के 12वें ओवर में हुई। श्री चरणी की गेंद पर शेफाली वर्मा ने मिड-ऑफ पर चिपो मुगेरी-तिरिपानो का कैच छोड़ दिया। इससे निराश होकर शैफाली ने गुस्से में गेंद जमीन पर फेंक दी। इसी व्यवहार को आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। शेफाली ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी मैच रेफरी पैनल की जीएस लक्ष्मी की ओर से प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। ऐसे में मामले की औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला उल्लंघन था।

यह भी पढ़ें- टीम इंडिया को मिला नया चीफ सिलेक्‍टर, BCCI ने प्रज्ञान ओझा को दी जिम्मेदारी

वहीं आइसीसी के नियमों के अनुसार, यदि कोई खिलाड़ी 24 महीने की अवधि में चार या उससे अधिक डिमेरिट पॉइंट हासिल करता है, तो उन्हें सस्पेंशन पॉइंट में बदल दिया जाता है। दो सस्पेंशन पॉइंट मिलने पर खिलाड़ी को एक टेस्ट या दो ODI या दो टी20 मैचों से बैन किया जा सकता है, जो भी पहले लागू हो। डिमेरिट पॉइंट खिलाड़ी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में 24 महीने तक बने रहते हैं। इस अवधि के बाद उन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया जाता है।

भारत ने जीती सीरीज

रायपुर के मैदान पर हुई इस घटना के बावजूद दूसरे T20 मुकाबले में शेफाली का बल्ला जमकर चला था। उन्होंने महज 25 गेंदों में 55 रन की तूफानी पारी खेली और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। पहले T20 मुकाबले में कड़ी टक्कर मिलने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे मैच में दमदार प्रदर्शन किया। जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 102 रन पर आठ विकेट गंवा बैठी। इसके जवाब में भारत ने 9वें ओवर तक लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

यह भी पढ़ें- ICC का बड़ा फैसला, अब महिला वनडे वर्ल्‍ड कप में अंपायर व रेफरी होंगी सिर्फ महिलाएं