आरयू संवाददाता, लखनऊ। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से ‘पुरबी बयार’ एवं ‘ज़मीं अपनी आसमां मेरा’ के तत्वावधान में अनादि सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामाजिक संस्था, लखनऊ द्वारा भोजपुरी नाटक ‘परधानिन’ का मंचन आज गोमतीनगर स्थित संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में किया गया। सरोज सिंह की मूल कहानी पर आधारित इस नाटक का नाट्य रूपांतरण मनोरमा श्रीवास्तव व महेश चन्द्र गुप्त ‘महेश’ ने किया। मुन्नी देवी के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक ने एक महिला के त्याग, स्वाभिमान और नेतृत्व की यात्रा को मंच पर साकार किया।
नाटक के प्रेरणा स्रोत पूर्व आइएएस डॉ. दयानन्द लाल रहे। प्रस्तुति के क्रिएटिव प्रमुख आदित्य मिश्रा ने प्रोडक्शन एवं रचनात्मक समन्वय का दायित्व संभाला। रंगयात्रा आयोजन का मीडिया पार्टनर रहा।
‘परधानिन’ एक ऐसी महिला की कहानी है, जो आर्थिक कठिनाइयों के बीच पति की उच्च शिक्षा में सहयोग करने के साथ-साथ वृद्ध पिता की सेवा और पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाती है। अपने त्याग और समर्पण से वह पति को न्यायाधीश के प्रतिष्ठित पद तक पहुंचाने में अपना सबकुछ लगा देती है, लेकिन पति पद मिलने के बाद उच्चवर्गीय जीवनशैली और परिवेश में डूबकर न सिर्फ दूसरी शादी कर लेता है, बल्कि अपनी पत्नी, गांव और परिजनों से मुंह मोड़ लेता है।
अपने नन्हे बच्चे के साथ अकेली रह गई महिला सामाजिक और आर्थिक विषमताओं के सामने हार नहीं मानती। सकारात्मक सोच और सेवाभाव के बल पर वह ग्राम प्रधान बनती है। सरकारी योजनाओं को निःस्वार्थ भाव से धरातल पर उतार अपने गांव को आदर्श गांव में परिवर्तित करती है और अन्य ग्राम प्रधानों के लिए प्रेरणा बन जाती है। नाटक की कथा में उसके उल्लेखनीय योगदान के लिए उसे राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया जाता है।
लोकभाषा और लोकसंगीत से समृद्ध इस प्रस्तुति ने नारी सशक्तिकरण, ग्रामीण नेतृत्व तथा सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए अपनी संस्कृति और परम्परा की छाप छोड़ी।
मंच पर महेश चन्द्र गुप्त, अंशिका सक्सेना, ज्ञानेश्वर मिश्र ‘ज्ञानी’, गुरुदत्त पांडेय, मुकुल कुमार, सूरज कुमार, आदित्य शाक्य, अनिल कुमार, रोहित कुमार सरोज, निरुपमा गुप्ता, लता बाजपेयी, सुरुचि सक्सेना, रीमा वर्मा एवं राजनंदिनी वर्मा ने सशक्त अभिनय किया। प्रकाश व्यवस्था तमाल बोस की रही। ध्वनि संयोजन व संचालन आदित्य कुमार शर्मा, गीत एवं पुरुष गायन महेश चन्द्र गुप्त, महिला गायन अनीता मिश्रा, प्रस्तुति नियंत्रण लावण्या बाजपाई तथा प्रचार-प्रसार संकल्प शुक्ल ने संभाला।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में इंदु भूषण पाण्डेय एवं दूरदर्शन के अपर महानिदेशक कमलेश कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, प्रभुनाथ राय, सर्वेश अस्थाना, डॉ. पूर्णिमा पाण्डेय, नवभारत टाइम्स के प्रधान संपादक सुधीर मिश्रा, संतोष श्रीवास्तव, पूर्व जिला जज रमेश श्रीवास्तव, ‘ऑक्सीजन मैन’ राजेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ रंगकर्मी गोपाल सिन्हा व वरिष्ठ इतिहासविद् रवि भट्ट भी मौजूद रहे।












