खराब मौसम के कारण वाराणसी-काठमांडू जाने वाले चार फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट

लखनऊ डायवर्ट
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लगातार खराब हो रहे मौसम का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ रहा है। काठमांडू और वाराणसी में घने कोहरे की वजह से सोमवार को चार विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। जिनमें वाराणसी और काठमांडू जाने वाली दो-दो उड़ानें शामिल हैं, जिनकी लखनऊ एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग कराई गई। अचानक हुए इस बदलाव से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह दिल्ली से वाराणसी जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान (6E 6246) के पायलट ने कोहरे के कारण चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद सुबह 7:05 बजे विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसी तरह बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की दूसरी उड़ान (6E 6558) की भी वाराणसी में मौसम खराब की वजह से लखनऊ में भी लैंडिंग कराई गई।

इसी तरह चीन से काठमांडू जा रहे हिमालय एयरलाइंस के अंतरराष्ट्रीय विमान (H 9226) को खराब मौसम की वजह से सुबह 7:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उताया गया। इसके अलावा सुबह 8:15 बजे दुबई से काठमांडू जा रहे फ्लाईदुबई के विमान (FZ8399) की भी लखनऊ एयरपोर्ट सेफ लैंडिंग कराई गई।

यह भी पढ़ें- वाराणसी एयरपोर्ट के रनवे पर आई तकनीकी खराबी, कई फ्लाइट डायवर्ट

इसके अलावा लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, काठमांडू और वाराणसी में मौसम खराब होने के चलते विमान के पायलटों ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की परमिशन मांगी थी। लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल की तरफ से अनुमति मिलने के बाद विमानों की लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री विमान में सवार रहे।

यह भी पढ़ें- वाराणसी व प्रयागराज जा रही फ्लाइट डायवर्ट, लखनऊ एयरपोर्ट पर करानी पड़ी दोनों की इमरजेंसी लैंडिंग