राजस्थान में दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन बिजली की चपेट में आई मिक्सर मशीन, सड़क बना रहे आठ मजदूरों की मौत

दर्दनाक हादसा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस व लोग।

आरयू वेब टीम। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां मिक्सर मशीन के हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी खबर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मिली जानकारी के मुताबिक उदयपुरवाटी उपखंड क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार को उस समय हादसा हुआ सड़क निर्माण के दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। जिसके कारण मशीन में तेज करंट दौड़ गया। इस भयावह घटना में मौके पर काम कर रहे आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज के लिए भर्ती कराया।

इस संबंध में उदयपुरवाटी एसएचओ रामपाल ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब दस बजे उस समय हुई जब मजदूर सड़क ढलाई के लिए रोड़ी-बजरी मिलाने का काम कर रहे थे। कार्यस्थल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार मिक्सर मशीन के हाइड्रोलिक जैक के संपर्क में आ गया। तार छूते ही पूरी मशीन हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गई और पास मौजूद मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्‍पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल

हादसे में जान गंवाने वाले आठ मजदूरों में हालेड़ा मंडावरा और छापोली गांव के निवासी शामिल हैं। जिनकी पहचान हालेड़ा मंडावरा निवासी- हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) के रूप में, जबकि छापोली निवासी- विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) के रूप में हुई है।

धरने पर बैठे लोग

वहीं घटना की सूचना पर इलाके में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। साथ ही बिजली विभाग और निर्माण एजेंसी की लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर विरोध-प्रदर्शन और धरना शुरू किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- मध्य-प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक-पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल