हिमाचल से तेलंगाना तक कांपी धरती, दो राज्यों में भूकंप के झटके से दहले लोग

भूकंप

आरयू वेब टीम। देश के दो अलग-अलग राज्यों में शुक्रवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। हिमाचल प्रदेश के चंबा और तेलंगाना के नारायणपेट में धरती हिलने से लोग दहल गए और अपने-अपने घरों से बाहर भागे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, दोनों स्थानों पर भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 और 2.5 दर्ज की गई। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी जगह जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, तेलंगाना के नारायणपेट में शुक्रवार सुबह छह बजकर 16 मिनट 46 सेकंड पर भूकंप के झटके दर्ज किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन से पांच किलोमीटर नीचे था। इसका स्थान 16.452 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.414 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।

वहीं हिमाचल के चंबा में 3.2 रही भूकंप की तीव्रता
वहीं, हिमाचल प्रदेश के चंबा में सुबह छह बजकर 59 मिनट 46 सेकंड पर धरती कांपी। यहां भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 दर्ज की गई। इसका केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप का स्थान 32.719 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.123 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में आया भूकंप, जमीन से नौ किलोमीटर नीचे था केंद्र

एक ही सुबह देश के दो अलग-अलग राज्यों में भूकंप के झटके दर्ज होने से भूकंपीय गतिविधियों को लेकर लोगों का ध्यान एक बार फिर इस ओर गया है। हालांकि, दोनों जगह भूकंप की तीव्रता कम रही और शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के दर्ज आंकड़ों के आधार पर दोनों घटनाओं की तीव्रता और समय की जानकारी सामने आई है। फिलहाल दोनों राज्यों में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- तिब्बत में आया 7.0 तीव्रता का भीषण भूकंप, 16 लोगों की मौत, 65 घायल