आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने दिव्यांगों के कौशल व विशिष्ट प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उनके द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिये आज लखनऊ में दिव्य दीपावली मेला की शुरूआत की है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
इस राज्य स्तरीय मेले में नौ विभागीय संस्थाओं व 16 स्वैच्छिक संस्थाओं ने सहभागिता की। मेले का उद्देश्य दिव्यांग कारीगरों व उद्यमियों द्वारा स्वनिर्मित उत्पादों को आम जनता के सामने प्रदर्शित व बिक्री के लिए उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
मेले में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार हस्तशिल्प, कलात्मक सजावटी सामग्री, पारंपरिक दीपक, मोमबत्तियां, दीपावली पूजन सामग्री, दैनिक उपयोग की गृह उपयोगी वस्तुएं एवं अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों के भव्य स्टॉल लगाए गए।
उत्पादों की गुणवत्ता, फिनिशिंग व उपयोगिता
मेले में राजेश कुमार सिंह ने अफसरों के साथ स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उत्पादों की गुणवत्ता, फिनिशिंग व उपयोगिता की सराहना की। उन्होंने दिव्यांग उत्पादकों एवं प्रतिभागियों से सीधा संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन करते हुए आम नागरिकों से अपील की कि वे आगामी त्योहारों पर दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें, जिससे उनके हुनर, कड़े परिश्रम और स्वावलंबन के प्रयासों को सीधा संबल मिल सके।
यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ पर गोरखपुर-दानापुर के लिए रेलवे चलाएगा दो स्पेशल ट्रेनें, चेक करें रूट
इस अवसर पर दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक, राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शशांक सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी व अन्य मौजूद रहे।




















