आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में 4,543 नवनियुक्त सब- इंस्पेक्टर्स को नियुक्ति पत्र दिया। इस अवसर पर नवनियुक्त सब-इंस्पेक्टर्स को संबोधित किया। जहां सीएम ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या आपमें से किसी को चयन के लिए किसी की सिफारिश कराने की नौबत आई? क्या किसी ने आपसे किसी प्रकार का लेन-देन किया या धनराशि का प्रस्ताव रखा? क्या किसी ने धौंस दिखाकर नियुक्ति पत्र प्राप्त करने का प्रयास किया, जिसकी आज उत्तर प्रदेश में कल्पना भी नहीं की जा सकती।
यह भी पढ़ें- प्रदर्शन में शामिल हुए तो नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, योगी सरकार ने सख्त किए चरित्र प्रमाण पत्र के नियम
वहीं सीएम योगी ने सरकार की नियुक्ति प्रक्रिया के पारदर्शी होने का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 से पहले भर्ती और नियुक्ति का मतलब होता था सैफई परिवार के आदेश पर भर्ती और नियुक्ति, सैफई सिंडिकेट हर भर्ती में हावी रहता था और पात्र युवाओं को नौकरी से वंचित रहना पड़ता था। युवा दूसरे प्रदेशों में नौकरी की खातिर चला जाता था और प्रदेश से प्रतिभा पलायन होता था। हमने इसको रोकने में सफलता प्राप्त की है।
बढ़ाई जा रही अत्याधुनिक प्रशिक्षण की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नवनियुक्त सब-इंस्पेक्टर स्वयं को एक प्रभावी एवं जिम्मेदार भूमिका के लिए तैयार करें। पुलिस की परंपरागत ट्रेनिंग के साथ-साथ साइबर सिक्योरिटी, एआइ और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भी अत्याधुनिक प्रशिक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। हमने आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रेनिंग सेंटर तैयार किए हैं। आप सभी इस नई प्रशिक्षण पद्धति के लिए स्वयं को मानसिक रूप से तैयार रखें।
पूरी चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष
इस दौरान सीएम ने उत्तर प्रदेश पुलिस बल में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 4,543 अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न विंग्स का हिस्सा बनने वाले 4,543 नव-नियुक्त उपनिरीक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पूरी चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को हृदय से धन्यवाद।
42,000 होमगार्ड्स को दिए जाएंगे नियुक्ति पत्र
उन्होंन के कहा कि दीपावली के तुरंत बाद, भैया दूज के अगले ही दिन राजस्व विभाग के 1,200 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से 42,000 होमगार्ड्स को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,000 कांस्टेबल एवं हेड कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वर्तमान में सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होते ही इन सभी अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का यह सिलसिला अनवरत जारी रहेगा।




















