होमगार्ड भर्ती के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, पुलिस ने घसीटकर वैन में भरा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। जहां एक ओर देशभर में दिवाली का त्योहार मना रहे वहीं दूसरी ओर यूपी होमगार्ड भर्ती-2025 के अभ्यर्थियों ने रविवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया, जिसमें कई अभ्यर्थी फूट-फूटकर रोने लगे। अभ्यर्थियों का कहना था कि भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट बिना वेटिंग लिस्ट जारी किया गया है। अगर वेटिंग लिस्ट जारी नहीं हुई तो भर्ती में आवेदन करने वाले कई अभ्यर्थी ओवरएज हो जाएंगे। जबकि पुलिस ने जमीन पर लेटे अभ्यर्थियों को जबरन घसीटते हुए सभी को धरनास्थल से इको गार्डन ले गई।

दरअसल प्रदर्शनकारी दोपहर करीब दो बजे हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के पास जुट गए। अभ्यर्थियों हाथों में बैनर-पोस्टर थे और सभी ने सिर पर सफेद कपड़ा बांध रखा था। अभ्यर्थियों का कहना था कि वे कफन बांधकर लखनऊ आए हैं। मर जाएंगे, लेकिन यहां से नहीं जाएंगे। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गांधी प्रतिमा के पास से हटाने की कोशिश की तो अभ्यर्थी सड़क पर लेट गए।

यह भी पढ़ें- 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने तिरंगे के साथ किया विधानसभा के बाहर प्रदर्शन, लेटकर बजाई घंटी, पुलिस से धक्का-मुक्की

इसके बावजूद पुलिसकर्मी उन्हें हटाने में जुटे रहे। पुलिस ने एक-एक प्रदर्शनकारी को उनके कपड़े और हाथ पकड़कर सड़क पर घसीटा और उठाकर गाड़ियों में बैठाया। इस दौरान अभ्यर्थी पुलिसकर्मियों से हाथ जोड़कर गुहार लगाते रहे। बाद में पुलिस सभी को धरना स्थल इको गार्डन ले गई।

हमारी दिवाली तो काली हो गई

वहीं एक अभ्यर्थी ने रोते-बिलखते हुए कहा, “त्योहार के दिन बीमार मां को घर में अकेला छोड़कर आई हूं। सिर पर कफन बांधकर आए हैं। मर जाएंगे, जान दे देंगे, लेकिन नौकरी लिए बिना नहीं जाएंगे। बिना नौकरी के जीवन बेकार है।”योगी जी शुभकामनाएं दे रहे हैं, लेकिन हमारी दिवाली तो काली हो गई। अयोध्या में इतने दीप जलाए जा रहे हैं, क्या उससे हमें नौकरी मिल जाएगी? या तो नौकरी लेकर जाएंगे या हमारी अर्थी उठेगी। प्रशासन चाहे तो सीने पर गोली मार दे, लेकिन खाली हाथ नहीं लौटेंगे।”

…उम्मीदवारों को मिलना चाहिए मौका

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 2025 में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती निकाली थी। 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा हुई थी। चयनित उम्मीदवारों का मेडिकल सत्यापन 12 अक्टूबर 2026 से संबंधित जिलों की पुलिस लाइनों में शुरू हो चुका है। अभ्यर्थियों ने कहा कि अंतिम चयन से बाहर हुए उम्मीदवारों को मौका मिलना चाहिए। अभ्यर्थियों की मांग है कि भर्ती नियमों के तहत प्रतीक्षा सूची जारी की जाए और खाली पदों पर योग्य उम्मीदवारों को मौका दिया जाए।

यह भी पढ़ें- 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने तिरंगे के साथ किया विधानसभा के बाहर प्रदर्शन, लेटकर बजाई घंटी, पुलिस से धक्का-मुक्की