BJP के कार्यक्रम में महिला से अभद्रता पर अखिलेश की मांग, दोषियों-आयोजकों पर दंडात्मक कार्रवाई करे महिला आयोग

अखिलेश यादव
फाइल फोटो

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्या में भाजपा के कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के मामले को पर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रमुख ने राष्ट्रीय व राज्य महिला आयोग से तुरंत संज्ञान लेने की मांग कर दोषियों और आयोजकों के खिलाफ सख्त वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई की अपील की। साथ ही अखिलेश यादव ने एक बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि आगामी चुनावों के बाद प्रदेश में ‘पीडीए सरकार’ बनते ही गरीबों को राशन में सरसों का तेल दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- राम जी के पांच पिता वाले धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर बोले अखिलेश, ये अभद्रता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

सपा अध्यक्ष ने सोमवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्टकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि अयोध्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा तथाकथित ‘नारी वंदन’ के नाम पर जो हिंसक नजारा पेश किया गया है। वह किसी भी तरह से वंदनीय नहीं बल्कि बेहद निंदनीय है। अखिलेश ने सीधे तौर पर कहा कि भाजपा के लोग नारी का सम्मान करना जानते ही नहीं हैं, वे केवल महिलाओं का अपमान करते आए हैं। साथ ही दावा किया कि प्रदेश की जनता और मातृशक्ति इस तरह के दुर्व्यवहार को कभी माफ नहीं करेगी और इसका करारा जवाब आने वाले चुनावों में देगी।

मातृशक्ति का श्राप कभी खाली नहीं जाता

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने लखनऊ अग्निकांड का मुद्दा भी उठाया। सपा प्रमुख ने कहा कि अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवा की दुखी मां का मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक रूप से जो अपमान किया गया, उसे प्रदेश की कोई भी महिला कभी भूल नहीं सकती। सपा प्रमुख ने कहा कि मातृशक्ति का श्राप कभी खाली नहीं जाता है और यही वजह है कि भाजपा की हार अब पूरी तरह तय है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव और हाल ही में 2026 के विधान परिषद चुनाव में मिली हार ने ये साफ कर दिया है कि जनता के बीच भाजपा के जुमलों का गुब्बारा अब पूरी तरह फूट चुका है।

जनाक्रोश के खौफ से भाजपा से जुड़े कई नेता

वहीं हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अब ‘तेल की फिसलन की ढलान’ पर खड़ी है और जनता उसे हमेशा के लिए राजनीति से बाहर करने के मूड में आ चुकी है। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि जनाक्रोश के खौफ से भाजपा से जुड़े कई नेता या तो राजनीति छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं या फिर दूसरी राजनीतिक पार्टियों में अपने लिए जगह की तलाश में हाथ जोड़कर खड़े हैं। आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में अगला चुनाव सीधे तौर पर ‘महिला-युवा बनाम भाजपा’ की लड़ाई होगा, जिसमें जनता भाजपा का स्थायी सफाया कर देगी।

राशन में दिया जाएगा सरसों का तेल

सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक वादा भी किया है। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों बाद उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल भी दिया जाएगा ताकि गरीब, शोषित, दुखी और वंचित लोगों को बेंत खाने और बेइज्जती सहने की जरूरत ना पड़े। अखिलेश ने साफ कहा कि, भाजपा के उत्पीड़न से परेशान और दुखी जनता इस बार उन्हें सत्ता से हमेशा के लिए बाहर का रास्ता दिखा देगी।

भाजपा के लोगों ने किया गलत व्यवहार

दरअसल सपा सुप्रीमो ने अयोध्या दीपोत्सव के बाद के दो वीडियो साझा किए हैं। जिसमें छोटी दिवाली के दिन अयोध्या के सरयू तट पर 30 लाख दीप जलाकर बड़ा रिकॉर्ड बनाया गया था। सामने आए वीडियो में गरीब घरों की महिलाएं और बच्चे दीयों से बचा हुआ सरसों का तेल बटोरते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान गले में आई कार्ड पहने कुछ लोग उन गरीब महिलाओं और बच्चों को बेंत और छड़ी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने उनके साथ गलत व्यवहार किया।

यह भी पढ़ें- सपाईयों को सावाधान कर अखिलेश ने कहा, किसी उकसावे में मत आना, BJP चोरी-हेराफेरी कर बनाए रखना चाहती है सत्‍ता पर कब्‍जा