आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पंचायत अधिकार संघ ने उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर लखनऊ में मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया। प्रदेश भर से आए ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने योगी सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आवास का घेराव किया। साथ ही जमकर नारेबाजी कर मंत्री के आवास पर मिठाई के डिब्बे भी फेंके।
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की और नोकझोंक शुरू हो गई। इससे नाराज प्रदर्शनकारियों ने ‘गांव की सरकार नहीं तो विधानसभा की सरकार नहीं’ और ‘पंचायत चुनाव जल्द करवाओ’ जैसे नारे लगाते रहे। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।
यह भी पढ़ें- तीन महीने में कराएं पंचायत चुनाव, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिया योगी सरकार को आदेश
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पंचायतों का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी चुनाव की तारीख घोषित नहीं की जा रही है। इससे गांवों में विकास कार्य और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर असर पड़ रहा है। वहीं पंचायत प्रतिनिधि आनंद कुमार ने कहा कि 26 मई 2026 को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसके बाद सरकार ने छह महीने का कार्यकाल बढ़ाया था। यह अवधि भी जल्द पूरी होने वाली है। इसके बावजूद पंचायत चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई है।
अगर सरकार ने लिखित आश्वासन नहीं दिया तो…
इस दौरान पंचायत प्रतिनिधि ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने लिखित आश्वासन नहीं दिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश में जल्द से जल्द त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए जाएं। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने सरकार की ओर से पंचायतों का कार्यकाल दोबारा बढ़ाए जाने की आशंका पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि छह महीने का विस्तार पहले ही दिया जा चुका है। अब फिर से कार्यकाल बढ़ाने की कोशिश की गई तो इसका विरोध किया जाएगा। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि 12 जून 2026 से लगातार प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। न तो चुनाव की तारीख घोषित की गई और न ही उनकी समस्याओं का समाधान हुआ। अब जब तक चुनाव की तारीख घोषित नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।


















