आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सर्दियों में कोहरे और धुंध के कारण वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगने वाली है।आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब पहले से धीमी रफ्तार रखनी होगी। आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने यूपीडा के निर्देश पर नई यातायात एडवाइजरी जारी की है। जिसके तहत यात्री बसों के लिए अधिकतम रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।
पुलिस के मुताबिक, ठंड के मौसम में सुबह और रात के समय दृश्यता कम हो सकती है, इसलिए निर्धारित गति सीमा का पालन करना जरूरी होगा। सभी यात्रियों से सतर्क रहने को कहा गया। नई व्यवस्था के तहत एक्सप्रेसवे पर कार और अन्य हल्के मोटर वाहन अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकेंगे। यात्री बसों के लिए अधिकतम रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।
यह भी पढ़ें- UP: फिर बदला मौसम ने तेवर, बढ़ेगा कोहरा व गलन
वहीं ट्रक और ट्रेलर सहित मालवाहक वाहनों को 50 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक गति से चलाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी वाहन चालकों को अपनी श्रेणी के अनुसार तय सीमा का पालन करना होगा। पूरे मार्ग पर सभी वाहन चालकों को इन नियमों का पालन करना होगा। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बदली हुई गति सीमा 15 नवंबर से 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक लागू रहेगी।
नियंत्रित रफ्तार में आगे बढ़ें
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात ने मीडिया को बताया कि सर्दियों में कोहरे की आशंका को देखते हुए यूपीडा ने गति सीमा में बदलाव किया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहन नियंत्रित रफ्तार में आगे बढ़ें और किसी भी संभावित हादसे की आशंका कम हो। मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करें।
हेल्पलाइन नंबर जारी
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरा पड़ने पर जल्दबाजी न करें और सड़क पर पर्याप्त दूरी बनाकर चलें। कम दृश्यता के समय तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और मौसम की स्थिति के अनुसार सावधानी बरतें। एक्सप्रेसवे पर यातायात से जुड़ी परेशानी या सहायता की जरूरत होने पर चालक हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने कहा कि आपात स्थिति में शांत रहकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तुरंत सहायता मांगें।




















