UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू फिर गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल

लखनऊ में अजय कुमार लल्लू को ले जाती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। देशभर में जारी लॉकडाउन के बीच अपने घरों को लौट रहे मजदूरों के साथ हो रहे हादसे को देखते हुए कांग्रेस ने योगी सरकार से एक हजार बसें चलाने की पेशकश की थी, जिसके बाद से राजनीति गरमा गई। इतना ही नहीं आरोप-प्रत्‍यारोपों का दौर भी शुरु हो गया। वहीं, बुधवार को आगरा कोर्ट से जमानत मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को लखनऊ से पहुंचीं पुलिस ने फिर गिरफ्तार कर 14 दिन की न्‍यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

बस विवाद को लेकर यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह के खिलाफ मंगलवार को हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। दरअसल, कांग्रेस की तरफ से प्रदेश सरकार को मुहैया कराई गई बसों की सूची में ऑटो, एंबंलेंस व ट्रक जैसे वाहनों को देने के आरोप में यह मुकदमा दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें- मजदूरों के लिए हजार बसें चलाने की प्रियंका ने मांगी CM योगी से अनुमति, कहा कांग्रेस उठाएगी पूरा खर्च, राष्‍ट्रनिर्माताओं को ऐसे ही नहीं जा सकता छोड़ा

पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय के मुताबिक, कांग्रेस की तरफ से प्रदेश सरकार को 1049 बसों की सूची उपलब्ध कराई गई थी। जिसकी जांच संभागीय परिवहन अधिकारी, लखनऊ से कराई गई थी। सूची में 879 बसें निकलीं। 31 ऑटो और थ्री-व्हीलर और 69 एम्बुलेंस, स्कूल बस, डीसीएम, मैजिक और अन्य वाहन मिले। इतना ही नहीं एक ही नंबर का वाहन दो अलग-अलग सूचियों में दर्ज मिले। यह रिपोर्ट लखनऊ के आरटीओ आरपी द्विवेदी और अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात लखनऊ के दस्तखत से जारी की गई। इस मामले में संदीप सिंह और लल्लू के खिलाफ धोखाधड़ी, दस्तावेज में कूट रचना करने का मुकदमा मंगलवार को दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें- प्रियंका की बसों पर नाराजगी जताकर बोले दिनेश शर्मा, इस कठिन समय में किसी दल ने नहीं की कांग्रेस जैसी राजनीति

बुधवार सुबह अजय कुमार लल्लू आगरा में कांग्रेस की बसों को प्रदेश की सीमा के अंदर प्रवेश कराने के लिए गए थे। वहां पुलिस से कहासुनी के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। देर शाम को उनको 20-20 हजार के दो निजी मुचलकों पर रिहा किया गया। उनके गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिलने पर हजरतगंज पुलिस की टीम आगरा रवाना की गई।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस हर तरह से मजदूरों की सहायता को तैयार, योगी सरकार कर रही अनदेखी: अजय कुमार

वहां शाम को पुलिस टीम ने अजय कुमार लल्लू को हजरतगंज में दर्ज मुकदमें में गिरफ्तार किया। इसके बाद सड़क मार्ग से लेकर महानगर स्थित भाऊराव देवरस अस्पताल गई। जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद अजय कुमार लल्लू को एसीजेएम के सामने उनके आवास रिवर बैंक कालोनी में पेश किया गया। जहां से 14 दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- बस विवाद में कूदीं अदिति सिंह ने अपनी ही पार्टी पर उठाए सवाल, कहा ये कैसा क्रूर मजाक, मुख्‍यमंत्री कि तारीफ भी की