महंगाई व सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP की महिला विंग ने किया प्रदर्शन

आप की महिला विंग
प्रदर्शनकारियों को रोकती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। बढ़ती महंगाई और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ आज आप की महिला विंग ने सूबे की राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। संजय सिंह ने रिहाई की मांग को लेकर आप की महिला शाखा का प्रदर्शन शनिवार को हजरतगंज स्थित दारुलशफा के आसपास किया गया।

गौतम अडानी को महंगाई के लिए जिम्‍मेदार बताते हुए महिला प्रदर्शनकारी विधानसभा के सामने स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्‍यालय की ओर आज नारेजबाजी करते हुए बढ़ रही थीं तभी पुलिस ने महिलाओं को बलपूर्वक रोकना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच जमकर धक्‍का–मुक्‍की भी हुई। आखिर में पुलिस महिलाओं को भाजपा मुख्‍यालय तक पहुंचने से पहले ही रोकने में कामयाब हुई और प्रदर्शनकारियों को वाहनों में भरकर ईको गार्डेन पहुंचाया।

सरकारी संपत्तियां अडानी को बेचीं, लाखों करोड़ उद्योगपतियों का कर्ज किया माफ

प्रदर्शन का नेतृत्‍व कर रहीं महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने कहा कि मोदी-अडानी की लूट ही महंगाई का कारण है देश की सरकारी संपत्तियां प्रधानमंत्री मोदी ने अडानी को बेच दी हैं। लाखों करोड़ रुपया उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर दिया। मोदी सरकार महंगाई पर नियंत्रण कर पाने में पूरी तरह फेल हो गयी है और मोदी ईडी व अन्य जांच एजेंसियों के सहारे विपक्षी नेताओं को फंसाने की साजिश रच रहे है।

सरकार और जमाखोरों ने की साजिश, पिस रही जनता

योगी सरकार पर निशाना साधते हुए नीलम ने कहा कि एक तरफ आम आदमी की थाली से दाल-सब्जी महंगी हो रही है तो जहां मजदूर रोटी-चटनी और प्याज से पेट भरता है तो उसका प्याज छीनने की भी साजिश रची जा रही। योगी सरकार जमाखोरों पर नियंत्रण नहीं लगा पा रही है दिखावे के लिए कुछ जगहों पर सस्ता प्याज बेच रही है। सरकार की यही साजिश है कि पहले प्याज के दाम दूने से भी ज्यादा बढ़ा दो फिर वास्तविक दाम से ज्यादा में काउंटर लगा कर बेचो ताकि जनता को लगे कि सरकार सस्ता प्याज बेच रही है। असल में यह सरकार और जमाखोरों के बीच की साजिश है जिससे दोनों का लाभ हो रहा और जनता बेचारी पिस रही है। योगी सरकार महंगाई और मोदी सरकार भ्रष्टाचार रोकने में फेल साबित हो रही है।

इंडिया गठबंधन के पास जनता की सर्वोच्‍च ताकत

इस दौरान नीलम यादव ने अपने सांसद संजय सिंह की रिहाई की मांग को भी उठाते हुए कहा कि भाजपा जांच एजेंसियों के सहारे सरकार चला रही और उसके खिलाफ आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को जेल भेजकर 2024 का लोकसभा चुनाव जीतना चाहती है, लेकिन वह अपनी चाल में कामयाब नहीं होगी। नीलम ने कहा कि इस बार जनता एकजुट है इंडिया गठबंधन के पास जनता की ताकत है और वही सर्वोच्च है।

यह भी पढ़ें- दस नवंबर तक कोर्ट ने बढ़ाई संजय सिंह की रिमांड, सांसद बोले, मोदी जी की जांच हुई तो जेल में रहेंगे जिंदगी भर

प्रदर्शन में रेखा जयसवाल, निशा निगम, सुल्ताना हनीफ, दीप्ती मिश्रा, रीता सिंह, जसमित सिंह, सरिता द्विवेदी, प्रियंका श्रीवास्तव, सुभासिनी, रीता पाल, संगीता राजपूत, स्वाति चौरसिया, मोज़्ज़ामा, हरिबाई उषा, ज्योति, गीतांजलि, प्रियंका, उषा दौरे, सरोज, उर्मिला व इरम समेत अन्‍य कार्यकर्ता शामिल रहीं।