AAP की पदयात्रा में बोले संजय सिंह, “चरम पर पहुंची UP में बेरोजगारी, दलित-पिछड़े व अल्‍पसंख्‍यकों पर भी बढ़ा अत्‍याचार”

आप की जनसभा
जनसभा को संबोधित करते आप सांसद संजय सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। बेरोज़गारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ आम आदमी पार्टी यूपी में “रोज़गार दो- सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा निकाल रही है। अयोध्‍या से निकली यात्रा पांचवें दिन आज सुल्तानपुर पहुंची। जहां आप सांसद संजय सिंह ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए यूपी में बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है, जबकि परीक्षाओं के पेपर भी लगातार लीक होने से नौजवान त्रस्‍त हैं।

तिकोनिया पार्क पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आप सांसद ने आगे कहा कि सिपाही, लेखपाल, एसएससी, दरोगा, पीसीएस, यहां तक कि हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाओं के पेपर भी लीक हो रहें, जबकि आवाज उठाने वाले युवाओं को रोजगार के नाम पर लाठियां मिल रही हैं।

सामाजिक न्याय पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

यूपी में कटेंगे दो करोड़ वोट

बिहार चुनाव परिणामों पर सवाल उठाते हुए भी आप सांसद ने 80 लाख वोटों की ‘चोरी’ और बड़े पैमाने पर वोट काटने का आरोप लगाया तथा चेतावनी दी कि अगर बिहार में ऐसा हुआ, तो यूपी में दो करोड़ वोट काटे जाएंगे।

‘भारत माता की जय’ बोल संपत्तियां बेच रही भाजपा

संजय ने कहा कि भाजपा भारत माता की जय बोलकर देश की संपत्तियां बेच रही है, जबकि हम भारत माता की जय भी लगाएंगे और देश की संपत्ति भी बचाएंगे। उन्होंने कहा—“ना मेरा है ना तेरा है, यह हिंदुस्तान सबका है,” और यही संदेश लेकर यह पदयात्रा आगे बढ़ रही है।

पदयात्रा का हुआ जगह-जगह स्‍वागत

आप की पदयात्रा आज सुल्‍तानपुर कटका स्थित भारद्वाज वाटिका से शुरू हो टाइनी टोट्स स्कूल, तिकोनिया पार्क और फिर बहादुरपुर स्थित कौमी निस्वान कॉलेज पहुंची। रास्तेभर लोग घरों से, दुकानों से और गलियों से निकलकर पदयात्रा में शामिल हुए।

इस दौरान अंगनाकोल में बबलू सिंह प्रधान, टीपू सुल्तान टेढ़ऊ वासिद में सुरेश गौतम, वंशराज ने पदयात्रा का स्वागत किया। इसी तरह केएनआइ पर शशि सिंह, इमरान भाई ने, पांचों पिरान पर बड़कऊ प्रधान और इमरान जी ने स्वागत किया। इसके अलावा ज्ञान प्रकाश यादव, सूफियान आदर्श, सैफ, वारिस, शराफत खान, जिशान खान और सर्वर प्रधान ने सुल्तानपुर में अलग अलग स्थानों पर पदयात्रा का जोरदार स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- बेरोजगारी व अन्‍याय के खिलाफ AAP निकालेगी अयोध्या से प्रयागराज तक पदयात्रा