आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के किसानों की समस्या को लेकर आज आम आदमी पार्टी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। आप ने कहा है यूपी का किसान खाद की किल्लत और फसल बर्बादी जैसी समस्याओं से कराह रहा है, जबकि यूपी की योगी उनकी सहायता करने की जगह मूकदर्शक बनी बैठी है।
गोमतीनगर स्थित आप कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में आप के अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हमला बोला है। विनय ने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान आज खाद की किल्लत और फसल बर्बादी की दोहरी मार झेल रहा है। चार महीने से किसान खाद के लिए घंटों लाइनों में खड़े हैं, कई जगह किसानों की मौत तक हो रही है। अब जब गेहूं की बुवाई शुरू हो गई है, तब भी हालात नहीं सुधरे।
इसके साथ ही बारिश और आंधी से पूर्वांचल व बुंदेलखंड में फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई। झांसी, हमीरपुर और महोबा से किसानों की आत्महत्या की खबरें आ रही, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
मुआवजा दे और बंद केंद्र खोले सरकार
बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए आप नेता ने कहा कि “किसान अब फसल नहीं, अपनी जान बचाने की लड़ाई लड़ रहा है।” उन्होंने मांग की कि सरकार ग्राम पंचायत स्तर पर सर्वे कराकर आप की पंजाब सरकार की तरह 20,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा किसानों को दे। इसके अलावा दस दिनों के अंदर सभी सरकारी क्रय केंद्र सरकार चालू करे।
सरकार किसानों को बिचौलियों से लुटवा रही
मीडिया से बात करते हुए विनय पटेल ने आगे कहा कि किसानों का संकट यहीं खत्म नहीं हुआ धान की फसल तैयार है पर सरकारी क्रय केंद्र बंद हैं। किसान अपने घरों पर 100–200 क्विंटल धान रखे हैं, लेकिन उन्हें 2369 के बजाय मजबूरी में 1600–1700 में बेचना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां किसानों को बिचौलियों के हाथों लुटवा रही हैं।”
…तो आप करेगी आंदोलन
विनय पटेल ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों की समस्याएं हल नहीं कीं तो आम आदमी पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। अंत में उन्होंने कहा कि अब किसान जाग चुका है और आम आदमी पार्टी उसकी आवाज बनकर मैदान में उतरेगी। विनय पटेल ने कहा कि “यह लड़ाई सिर्फ फसल की नहीं, किसान के भविष्य की है।”




















