अफगानिस्तान से भारत पहुंचा 146 यात्रियों का दूसरा जत्था

146 यात्रियों का जत्था

आरयू वेब टीम। अफगानिस्तान के तलिबान के कब्‍जे में जाने के बाद वहां के हालात बेकाबू है। ऐसे में भारतीयों को वहां से निकालने के प्रयास किए जा रहें हैं। इसी क्रम में सोमवार को नाटो और अमेरिकी विमानों से राजधानी काबुल से दोहा होते हुए चार अलग-अलग उड़ानों में 146 नागरिकों को वापस भारत लाया गया। इससे पहले रविवार को भारतीय एयरफोर्स का विमान 135 लोगों को वतन लेकर लौटा था। आज भारत पहुंचे भारतीयों के चेहरों पर सुकून था।

दोहा से दिल्‍ली लौटे भारतीयों के दूसरे जत्थे में 104 लोगों को विस्तारा की उड़ान से, 30 को कतर एयरवेज की उड़ान से और 11 को इंडिगो की उड़ान से वापस लाया गया। इसके अलावा एक व्यक्ति एयर इंडिया की उड़ान से लौटा।

बता दें कि अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद दुनिया के तमाम देश अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने की पूरी कोशिश में जुटे हैं। काबुल से निकाले जाने के बाद दोहा से वापस लाए जाने वाले भारतीयों का यह दूसरा जत्था था।

यह भी पढ़ें- बाइडेन ने ठहराया अफगानिस्तान की स्थिति के लिए उसके नेता को जिम्मेदार, तालिबान को दी चेतावनी, नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी कहीं ये बातें

सरकारी आंकड़ों के अनुसार अभी तक 590 लोग काबुल से भारत पहुंच चुके हैं। शुरुआत में जानकारी मिली थी कि अफगानिस्तान में लगभग 400 भारतीय फंसे हैं, लेकिन यह संख्या बढ़ती जा रही। काबुल से भारतीयों की घर वापसी का सिलसिला जारी है। ऐसे में आंकलन लगाना मुश्किल है कि अब भी भारत के कितने लोग वहां फंसे हुए हैं।

वहीं तालिबान के कब्‍जा कर लेने के बाद अब बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान में हालात खराब हैं। महिलाओं के बीच सबसे अधिक खौफ देखा जा रहा है। वहां की महिलाओं का कहना है कि यदि उनके घर तालिबानी लड़ाके दस्तक देंगे तो वो खुद को मौत के घाट उतार लेंगी।

यह भी पढ़ें- महंगाई के सवाल पर भाजपा नेता का पत्रकार को बेतुका जवाब, तालिबान चले जाओ, वहां है 50 रुपए लीटर पेट्रोल, देखें वीडियो