आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गौशालाओं में गड़बड़ी और शिकायतें सामने आने के बाद आज यूपी के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने अफसरों के पेंच कसे। धर्मपाल सिंह ने विधान भवन स्थित कार्यालय में बैठक करते हुए अधिकारियों को सुधरने की नसीहत देते हुए चेताया है कि गौशालाओं में चारा, पानी ठंड से बचाव, दवा इलाज व सीसीटीवी समेत सभी प्रबंध होने चाहिये अगर इसमें गड़बड़ी मिली कड़ी कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहें।
गौ आश्रय स्थलों के स्थिति की समीक्षा करते हुए धर्मपाल सिंह ने सख्त रूप से निर्देश दिये कि नोडल अधिकारियों द्वारा गोशाला के निरीक्षण के समय व्यवस्थाएं सही नहीं पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। साथ ही गौशालाओं के संचालन में अव्यवस्था, उदासीनता व लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। हर गो आश्रय स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित होनी ही चाहिये।
यह भी पढ़ें- गो पूजन कर धर्मपाल सिंह ने कहा, सनातन परंपरा में कृषि, ऋषि व गाय का स्थान महत्वपूर्ण
योगी के मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पराग के माध्यम से पौष्टिक पशु आहार गोशालाओं को उपलब्ध कराएं। गौशालाओं को गोद लेने के लिए भी स्वयं सेवी संस्थाओं को प्रोत्साहित करें। इसके अलावा मण्डल स्तरीय जनपदों की गौशालाओं में सीसीटीवी अनिवार्य रूप से लगाये जाए। पशुओं के लिये दवाई व वैक्सीन का उचित प्रबंध किया जाए। जनपद के नोडल अधिकारी गौ आश्रय स्थलों का नियमित रूप से निरीक्षण कर चारा, भूसा, पानी प्रकाश आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। गोवंश के ठंड से बचाव के लिए त्रिपाल अलाव आदि की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। ठंड में चारा, भूसा या दवाओं के अभाव में किसी भी गोवंश की मृत्यु न हो।
वहीं पशु चिकित्साधिकारी भी गौ आश्रयस्थल पर जाकर गोवंश के उत्तम स्वास्थ्य, चिकित्सा व औषधि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। हरे चारे एवं पशुआहार की अतिरिक्त व्यवस्था की जाए।
किसी भी मद का बजट न होने पाए सरेंडर
साथ ही धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिये कि अवस्थापना कार्यों का बजट यथाशीघ्र आवंटित कर समय पर काम पूरा कराये जाए और कार्यों में गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखा जाए। ससमय निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को भी निर्देशित किया जाए। उन्होंने 76 प्रतिशत बजट व्यय किये जाने पर संतोष व्यक्त किया और निर्देशित किया गया कि शेष बजट शीघ्र ही योजनाओं के लिये अवमुक्त कर दिया जाए। किसी भी मद का बजट सरेंडर न होने पाए। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में 7497 गोआश्रय स्थल हैं, जिनमें 1238447 निराश्रित गोवंश संरक्षित किये गये हैं।
दुग्ध समितियों के लिये बनाये ठोस योजना
इसके अलावा धर्मपाल सिंह ने दुग्ध विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दुग्ध समितियों के पुरानी क्रियान्वयन पद्धति की समीक्षा की जाए और वर्तमान आवश्यकता व संभावनाओं के अनुरूप संचालन किये जाने पर ठोस कार्य योजना तैयार की जाए। पुरानी समितियां किसी भी दशा में बन्द न होने पाये। जो नई समितियां बन चुकी है उनका विधिवत संचालन किया जाए और समितियों का भुगतान समय पर किया जाए। पराग के उत्पादों की बिक्री पर भी विशेष ध्यान दिया जाए और उत्पादों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
दिशा-निर्देशों का होगा पालन
बैठक में पशुधन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने धर्मपाल सिंह को विभाग की योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया और आश्वस्त किया कि उनसे प्राप्त दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने निदेशक, पशुधन को निर्देशित किया कि मण्डलवार प्रतिदिन गौशालाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की जाए और उसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए। गोआश्रय स्थलों पर गौवंश के ठंड से बचाव के साथ ही अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। अवस्थापना संबंधी कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, अस्पताल-रेलवे स्टेशन से तुरंत हटाएं आवारा कुत्ते-पशु
बैठक में पशुधन विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र पाण्डेय, पीसीडीएफ के एमडी वैभव श्रीवास्तव, दुग्ध विकास विभाग के विशेष सचिव राम सहाय यादव, पशुपालन विभाग के निदेशक (प्रशासन एवं विकास) मेम पाल सिंह, निदेशक (रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र) राजेन्द्र प्रसाद तथा संयुक्त निदेशक पीके सिंह सहित पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




















