अफजाल अंसारी ने की RSS प्रमुख मोहन की तारीफ, तो प्रधानमंत्री व सीएम योगी पर भी कसा तंज

अफजाल अंसारी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गाजीपुर से समाजवादी पार्टी सांसद अफजाल अंसारी ने एक ओर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत की जमकर तारीफ की है। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखे तंज कसे। अफजाल अंसारी ने भागवत के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें आरएसएस चीफ ने कहा था कि हर मस्जिद और मजार में शिवलिंग की तलाश करना देश को कमजोर करेगा। लोकसभा सांसद ने इस बयान को देश की एकता के लिए सकारात्मक कदम बताया।

बिना परिवारवाले हैं दिल्‍ली-लखनऊ के आका

जिले की बिजली व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अफजाल अंसारी ने कहा कि मोहन भागवत की एकता और भाईचारे पर हालिया टिप्पणी काबिले-तारीफ है और सभी धार्मिक नेताओं को उनसे सीख लेनी चाहिए, हालांकि बातचीत का राजनीतिक मोड़ आते ही उन्होंने मोदी और योगी पर निशाना साधते हुए यहां तक कहा कि ‘दिल्ली और लखनऊ दोनों के आका बिना परिवार वाले हैं।’

अफजाल अंसारी ने भागवत के बयान को उद्धृत करते हुए कहा कि ‘मोहन भागवत ने कहा कि देश को एकता और भाईचारा चाहिए, नफरत का कारोबार बंद होना चाहिए। ये स्वागत योग्य है और मैं उनकी सराहना करता हूं। अन्य धार्मिक नेताओं को भी इससे सबक लेना चाहिए।’ उन्होंने आगे कहा कि दुनिया में हिंदुत्व का सबसे बड़ा संगठन आरएसएस है।

अगर आरएसएस प्रमुख कहते हैं कि हर मंदिर और दरगाह में शिवलिंग ढूंढने से देश कमजोर होगा, तो इस बयान को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। मैं उनके शब्दों का स्वागत करता हूं और दूसरों को भी उनके सकारात्मक संदेश का स्वागत करना चाहिए। सपा सांसद ने ये भी कहा कि इस्लाम भारत की मिट्टी में सदियों से रचा-बसा है। इस्लाम कोई नया धर्म नहीं है, यह भारत में बहुत लंबे समय से है और मोहन भागवत ने इस सच्चाई को स्पष्ट किया है।

यह भी पढ़ें- अफजाल अंसारी की सजा के खिलाफ हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित

भागवत की तारीफ के बाद अंसारी का स्वर तुरंत राजनीतिक हो गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठा मालिक बिना परिवार का है, और उत्तर प्रदेश में बैठा मालिक भी बिना परिवार का है। इस दौरान बगल में बैठे सपा विधायक जय किशन साहू ने मज़ाक किया कि “कोशिश कर रहे हैं।’

इस पर अंसारी ने पलटकर कहा कि मैं लाइसेंस वाले परिवार की बात कर रहा हूं, अनलाइसेंस वाले की नहीं। यह उनकी बदकिस्मती है कि खुदा ने उन्हें संतान नहीं दी। उन्होंने मोदी और योगी को “परिवारविहीन” बताते हुए चाणक्य का उदाहरण भी दिया और अपने सात पीढ़ियों का जिक्र किया।

यह भी पढ़ें- सांसद अफजाल अंसारी को कोर्ट से राहत, 23 साल बाद किया आरोपों से बरी