राहुल का केंद्र सरकार पर हमला, भारत के लॉकडाउन से साबित होता है कि अज्ञानता से ज्यादा खतरनाक अहंकार

नहीं दिखाई देगी महंंगाई

आरयू वेब टीम। कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर सरकार को आड़े हाथों लिया है। सोमवार को राहुल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत में लगाए गए लॉकडाउन से साबित होता है कि अज्ञानता से ज्यादा खतरनाक अहंकार होता है। उन्होंने महान वैज्ञानिक अलबर्ट आइंस्टीन के एक कथन का उल्लेख भी किया।

राहुल गांधी ने आज सोशल मीडिया के माध्यम से ट्वीट कर कहा यह लॉकडाउन साबित करता है कि सिर्फ एक चीज अज्ञानता से ज्यादा खतरनाक है और वह है अहंकार।’’ कांग्रेस नेता ने लॉकडाउन के चारों चरणों में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि से जुड़ा एक ग्राफ भी शेयर किया।

ग्राफ में दर्शाया कि चार लॉकडाउनों ने कोविड-19 के बजाय अर्थव्यवस्था के गलत ग्राफ को फ्लैट यानी सपाट कर दिया। कोरोना से मौतों का ग्राफ अभी भी तेजी से बढ़ रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कोरोना वायरस की महामारी से निपटने के लिए लॉकडाउन लगाने के फैसले के लिए सरकार की लगातार आलोचना करते रहे हैं। उनका दावा है कि लॉकडाउन के कारण वांछित परिणाम नहीं मिले, इसलिए सरकार का यह फैसला गलत रहा है।

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट की फटकार, कोरोना मरीजों से हो रहा जानवरों से बदतर सलूक, दिल्ली समेत पांच राज्यों को जारी किया नोटिस

राहुल गांधी ने सरकार पर अहंकारी रुख अपनाने का भी आरोप लगाया है। उनके अनुसार, सरकार विपक्ष की आवाज को नहीं सुन रहा है। वे देश की अर्थव्यवस्था की मौजूदा दुर्दशा के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए आम लोगों के हाथ में नकद आर्थिक मदद देने की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि मार्च के अंत में लॉकडाउन शुरू होने के बाद 70 दिनों से ज्यादा यह प्रतिबंध लागू रहे। इससे आर्थिक गतिविधियां ठप होने से अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हुआ। इससे लाखों श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का सकंट पैदा हो गया। दो महीने से ज्यादा समय के बाद लॉकडाउन खोला गया, उस समय कोरोना के मरीजों की संख्या और तेजी से बढ़ रही है।