एयर इंडिया के CEO कैम्पबेल विल्सन का इस्तीफा

एयर इंडिया
एयर इंडिया सीईओ कैम्पबेल विल्सन।

आरयू वेब टीम। टाटा समूह के स्वामित्व वाली विमानन कंपनी एयर इंडिया में बड़े नेतृत्व परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) कैम्पबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, विल्सन ने बोर्ड को अपने फैसले की जानकारी दे दी है। हालांकि, इस घटनाक्रम पर एअर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

कैम्पबेल विल्सन को जुलाई 2022 में एयर इंडिया की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनकी नियुक्ति उस समय हुई थी जब टर्किश एयरलाइंस के पूर्व चेयरमैन इल्कर अइसी ने विवादों के चलते पद संभालने से इनकार कर दिया था। टाटा समूह ने जनवरी 2022 में सरकार से एअर इंडिया का अधिग्रहण किया था, जिसके बाद विल्सन को कंपनी को फिर से खड़ा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी। उनका कार्यकाल 2027 में समाप्त होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उनके इस्तीफे की खबर ने बाजार को चौंका दिया है।

विल्सन का पिछला एक साल काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। पिछले वर्ष12 जून को अहमदाबाद हवाईअड्डे से लंदन जा रहे एक बोइंग 787-8 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद वह लगातार आलोचनाओं के घेरे में थे। उस भीषण हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद से ही कंपनी की सुरक्षा नीतियों और नेतृत्व पर सवाल उठ रहे थे।

यह भी पढ़ें- यात्रियों को ला रही इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

एयर इंडिया के साथ-साथ उसकी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस में भी नेतृत्व का शून्य पैदा हो गया है। वहां भी 19 मार्च से प्रमुख का पद खाली है, जब तत्कालीन प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद इस्तीफा दे दिया था। अब टाटा समूह के सामने एअर इंडिया के लिए एक नए और अनुभवी उत्तराधिकारी को खोजने की बड़ी चुनौती है।

यह भी पढ़ें- यूपी: ईमानदार IAS अफसरों में शुमार रिंकू सिंह राही ने दिया इस्तीफा, लगाएं गंभीर आरोप